महिला अपनी बेटी के साथ विलाप करते हुए
- फोटो : संवाद
सिरसा में कालांवाली के गांव माखा में घरेलू कलह के चलते रविवार दोपहर एक महिला ने अपने सात महीने के बेटे के साथ भाखड़ा नहर में छलांग दी। महिला को ग्रामीणों ने बचा लिया लेकिन बच्चे की नहर में डूबने से मौत हो गई। दो घंटे से ज्यादा समय तक गोताखोरों व ग्रामीणों की तलाश के बाद बच्चे का शव मिला है।
महिला को ग्रामीणों ने बचाया, बच्चा डूबा
ग्रामीणों ने बताया के महिला मनजिंद्र कौर पत्नी हरदेव सिंह गांव खोखर की रहने वाली है। मनजिंदर कौर ने अपने सात महीने के बेटे जपनूर के साथ भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद गांववासियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि, महिला का सात महीने का बच्चा नहर के तेज बहाव में बह गया जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। कड़ी मशक्कत के बाद शव को खोज निकाला गया। बताया जा रहा है कि महिला को चार लड़कियों के बाद बेटा हुआ था। चार लड़कियों में से एक की मौत हो चुकी है जबकि एक लड़की अपने नाना के पास रहती है।
मनजिंद्र अपनी दोनों लड़कियों को अपने साथ लेकर आई थी। लड़कियों को दूर खड़ा कर दिया और अपने सात महीने के बेटे के साथ नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद दोनों लड़कियों ने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोगों ने नहर में डूब रही महिला को बाहर निकाला जबकि बच्चा तेज बहाव में बह गया।
घरेलू कलह के चलते नहर में लगाई छलांग
बताया जा रहा है कि महिला ने घरेलू कलह के चलते यह कदम उठाया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। वहीं, ग्रामीणों और पुलिस की टीमों ने बच्चे के शव की तलाश शुरू कर दी।
थाना प्रभारी कालांवाली देवीलाल ने बताया कि नहर से बच्चे का शव बरामद हो गया है। उसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम सोमवार को करवाया जाएगा। मृतक के परिजन आ गए हैं। उनके बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।