पत्नी को मायके छोड़कर गया था पति
रणजीत ने बताया कि अमृतपाल की शादी के कुछ समय बाद ही उसे पता चला कि दामाद यादविंदर किसी अन्य महिला के साथ संबंध में हैं। यह जानने के बाद भी अमृतपाल ससुराल में ही रह रही थी। सोमवार को ही यादविंद्र उसे मायके छोड़कर गया था। पिता रणजीत सिंह ने बताया कि उसकी बेटी अमृतपाल कौर तीन माह की गर्भवती थी। पति यादविंदर उसे बार-बार तलाक देने की बात कह रहा था, जबकि अमृतपाल तलाक नहीं देना चाहती थी।
गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहता था यादविंदर
रणजीत ने बताया कि अमृतपाल बीए तक पढ़ी थी। उसकी शादी में पूरे 25 लाख रुपये खर्च किए थे, शादी में कोई कमी नहीं छोड़ी थी। फिर भी सोमवार शाम को यादविंदर अमृतपाल को मायके छोड़ गया। घर जाने के बाद उसने अमृतपाल को फोन किया कि तलाक लेना है। वह कह रहा था कि उसकी कॉलेज की एक गर्लफ्रेंड है, वह उसे लेकर आएगा। इसके बारे में रणजीत ने पहले राजविंदर से पूछा, फिर बेटी से बात की। तब अमृतपाल ने अपने पति के राज के बारे में बताया था।
इकलौती संतान थी अमृतपाल कौर
चाचा गुरदीप सिंह कहना है कि आत्महत्या करने से पहले यादविंदर की अमृतपाल से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद यादविंदर ने रणजीत को फोन कर बताया कि अमृतपाल और उसकी मां ने फंदा लगा लिया है। इस सूचना के बाद रणजीत घर पहुंचा था। गुरदीप का कहना है कि अमृतपाल इकलौती संतान थी। उसके मरने के साथ ही रणजीत का पूरा परिवार खत्म हो गया।
बयान दर्ज करने के बाद होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
डबवाली शहर थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि दो महिलाओं ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि एक शव जमीन पर और दूसरा फंदे पर लटका हुआ था। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला राजविंदर कौर ने पहले फंदा लगाया है। इसके बाद उनकी बेटी अमृतपाल कौर ने फंदा लगाया। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: मामूली कहासुनी का भयानक अंजाम: चाकू से गोदकर कर दी युवक की हत्या, देखें Video