साइबर ठगों ने तकनीकी सेंधमारी का नया तरीका अपनाते हुए गांव पन्नीवाला मोटा निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से 26,100 रुपये की नकदी उड़ा ली। ठगी की वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब पीड़ित अपने फोन पर जमीन की फर्द देख रहा था और अचानक उसका मोबाइल अपने आप बंद हो गया। ओढ़ां पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्राथमिकी कर जांच शुरू कर दी है।
पुलि को दी शिकायत में गांव पन्नीवाला मोटा निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि बीते दिन वह अपने मोबाइल फोन पर ऑनलाइन अपनी जमीन की फर्द (रिकॉर्ड) जांच रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका फोन अपने आप स्विच ऑफ हो गया। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल दोबारा चालू किया और अपने बैंक बैलेंस की जांच की तो उनके खाते में से राशि निकाली जा चुकी थी। शातिर ठगों ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये उसके बैंक खाते से कुल 26,100 रुपये निकाल लिए थे।
ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत मामले की सूचना ओढ़ां पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल डेटा की मदद से साइबर ठगों का सुराग लगाने में जुटी है।