नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और अभियान को लेकर जानकारी देते एसपी दीपक सहारन
सिरसा। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ सिरसा पुलिस ने पिछले एक साल में बड़े स्तर पर कार्रवाई की हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में पुलिस ने 23 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस दौरान नशा तस्करी के 573 मामले दर्ज कर 1105 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्तता के संदेह और जांच के आधार पर 68 मेडिकल स्टोर सील करवाए गए। वहीं, नशा तस्करों की दो करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति अटैच करवाने की कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार , इस अवधि में दर्ज 573 मामलों में 7 किलो 265 ग्राम हेरोइन, 113 किलो 542 ग्राम अफीम, 1190 किलो डोडा चूरा पोस्त और 64 किलो गांजा बरामद किया गया। जबकि मेडिकल नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने करीब नौ लाख नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए। बरामद दवाओं को नियमानुसार आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले किया गया। वहीं जांच के दौरान संदिग्ध भूमिका सामने आने पर 68 मेडिकल स्टोर सील करवाए गए। पुलिस ने तस्करों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति की पहचान कर दो करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति अटैच करवाने की कार्रवाई की है।
1000 युवाओं को उपचार और काउंसिलिंग से जोड़ने की पहल
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से अब तक करीब 1000 युवाओं की काउंसिलिंग करवाकर उन्हें उपचार और दवाइयां उपलब्ध करवाने की पहल की गई है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी। तस्करों की संपत्ति का ब्योरा जुटाया जा रहा है और नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस गांव-गांव जाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रही है। इसके साथ ही सर्च अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। एसपी ने आमजन से नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने और सिरसा को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और खेल गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे से प्रभावित लोगों को उपचार दिलवाने में सहयोग करने का आह्वान किया।