सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय ने सामुदायिक रेडियो स्टेशन रेडियो सिरसा की पहुंच व्यापक बनाने के लिए मोबाइल एप्लीकेशन शुरू की है। विश्वविद्यालय के मीडिया सेंटर में कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने रेडियो सिरसा मोबाइल एप का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रेडियो स्टेशन के माध्यम से भी किया गया और शोधार्थी डिंपल ने इसका संचालन किया।
कुलगुरु विजय कुमार ने कहा कि सामुदायिक रेडियो शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता की महत्वपूर्ण जानकारी देता है। यह समाज के विभिन्न वर्गों तक विकास से जुड़ी बातें पहुंचाता है। उन्होंने बताया कि यह स्थानीय मुद्दों और जनभागीदारी को बढ़ावा देने में सहायक है। सामुदायिक रेडियो लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करता है।
यह लोगों को अपनी बात रखने का मंच भी उपलब्ध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों को रेडियो सिरसा की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने को प्रेरित किया। रेडियो से जुड़ी गतिविधियां रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रभावी संचार कौशल विकसित करेंगी।
सामुदायिक रेडियो स्टेशन के निदेशक प्रोफेसर सेवा सिंह बाजवा ने बताया कि मोबाइल एप से ''रेडियो सिरसा'' के कार्यक्रम अब विश्वविद्यालय परिसर से बाहर भी पहुंच सकेंगे। यह डिजिटल तकनीक और पारंपरिक रेडियो माध्यम के समन्वय का बेहतर उदाहरण है। इससे स्थानीय समुदाय के साथ रेडियो का जुड़ाव और मजबूत होगा। श्रोताओं को कार्यक्रम सुनने के लिए एक अतिरिक्त माध्यम उपलब्ध होगा। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक डॉ. अमित सांगवान, डॉ. रवींद्र, राजेश कुमार और दर्शन सिंह उपस्थित थे।