सिरसा नीकु वार्ड में विवाद के बाद नर्स चींटियों के लिए दवा लगाते हुए।
सिरसा। नागरिक अस्पताल की नर्सरी में चार दिन के नवजात को चींटियों द्वारा काटे जाने का मामला सामने आने से अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार देर रात करीब ढाई बजे बच्चे की मां दूध पिलाने के लिए नर्सरी पहुंची तो उसके बिस्तर पर बड़ी संख्या में चींटियां घूमती मिलीं।
परिजनों ने बच्चे को उठाकर देखा तो उसकी पीठ पर कई जगह चींटियों के काटने के निशान थे। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। सिविल सर्जन डॉ पवन कुमार ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
नोहरिया बाजार की गली जैन स्कूल निवासी कवि मोहन ने बताया कि एक अगस्त को उनकी पत्नी लवजीत की डिलीवरी हुई थी और बेटे का जन्म हुआ था। संक्रमण के कारण नवजात को नागरिक अस्पताल की नर्सरी में रखा गया था। रात करीब ढाई बजे मां बच्चे को दूध पिलाने पहुंची तो बिस्तर पर चींटियां देखकर उसने अपनी सास को बुलाया।
बच्चे की दादी ने उसे गोद में उठाया तो उसकी पीठ पर कई जगह काटने के निशान दिखाई दिए। परिजनों ने बच्चे के शरीर से चींटियां हटाकर ड्यूटी नर्स को सूचना दी। इसके बाद ड्यूटी चिकित्सक भी मौके पर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने चिकित्सक से बिस्तर पर चींटियां होने को लेकर सवाल किए, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। घटना से परेशान परिजन बच्चे को निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत ठीक बताई। परिजनों ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व ड्यूटी स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। डॉ. विजय पाल यादव दो दिन में जांच कर इसकी रिपोर्ट देंगे। वार्ड में चींटियों को रोकने के लिए सफाई कर्मचारियों की ओर से लक्ष्मण रेखा लगाई जाती है। इस मौसम में चींटियां आने की संभावना अधिक रहती है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
-डॉ. पवन कुमार, सिविल सर्जन सिरसा।