सिरसा। रोडवेज वर्कशॉप में बस में फॉग लाइट लगाते हुए प्रशिक्षु। संवाद
रानियां। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 पर शनिवार को खंडस्तरीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें रानियां खंड के 35 विद्यालयों की कक्षा 8वीं और 10वीं के 210 विद्यार्थियों और शिक्षक ने हिस्सा लिया। इस दौरान जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश कुमार और संजीव ने विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर 100 की पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों और कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शुभम शर्मा तहसीलदार रानियां, खंड शिक्षा अधिकारी राज कुमार अरोड़ा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश कुमार और मिशन बुनियाद से संजीव ने शिरकत की। जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश कुमार ने बताया कि मिशन बुनियाद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। इसकी अंतिम तिथि 16 दिसंबर है और इसकी परीक्षा 24 दिसंबर को आयोजित होगी।
हरियाणा सुपर- 100 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 फरवरी और परीक्षा 11 फरवरी को निर्धारित की गई है। दोनों कार्यक्रमों में उन्हीं विद्यार्थियों के पंजीकरण पर जोर दिया गया जो 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि हरियाणा सुपर 100 के माध्यम से अब तक 100 से अधिक विद्यार्थी आईआईटी में प्रवेश पा चुके हैं।
मिशन बुनियाद का रिहायशी कार्यक्रम शुरू
मिशन बुनियाद का रिहायशी कार्यक्रम भी प्रारंभ हो चुका है। इसमें चयनित विद्यार्थी हिसार और कुरुक्षेत्र में हॉस्टलों में रहकर पढ़ाई करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रधानाचार्य इंदरजीत कौर, अन्य स्कूलों से आए प्रधानाचार्य, एबीआरसीएस और बीआरपीएस को निर्देश दिए कि रानियां ब्लॉक से शत प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। मुकेश कुमार ने आश्वासन दिया कि सभी विद्यालय यह भी सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक योग्य विद्यार्थी परीक्षा में भाग ले। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा केवल मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर 100 में प्रवेश के लिए ही नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों के गणितीय कौशल, तार्किक क्षमता तथा उनकी विषयगत रुचि का आकलन भी किया जाएगा। साथ ही यह परीक्षा विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी माहौल से रूबरू कराने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे वे आगे होने वाली राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए तैयार हो सकें। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्राचार्या इंद्रजीत कौर ने विद्यालय प्रशासन की ओर से अतिथिगणों, ब्लॉक की टीम, अलग-अलग विद्यालयों से पहुंचे शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और अतिथि सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।