जिले में अवैध रूप से रह रहे 90 पकिस्तानी परिवार लापता हो गए हैं। ये परिवार एक दशक से अधिक समय से ऐलनाबाद उपमंडल में रह रहे थे।
इनके लापता होने से इटेलिजेंस एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है। खुफिया एजेंसी इन परिवारों की टोह लेने में जुटी है। इस क्षेत्र में 183 पाकिस्तानी परिवार अवैध रूप से रह रहे हैं। ये पाकिस्तानी घूमने के इरादे से पाकिस्तानी पासपोर्ट पर वीजा लेकर भारत आए थे और फिर लौटकर नहीं गए।
इन परिवारों ने वापस जाने से इनकार कर दिया था। इटेजिलेंस सूत्रों का कहना है कि उक्त परिवारों का कहना था कि पाकिस्तान में उनके साथ बुरा बर्ताव किया जाता है।
इसलिए वे वापस वहां नहीं जाना चाहते। भारत सरकार ने पाकिस्तानी परिवारों को जबरन वापस नहीं भेजा और न ही इन्हें भारत की नागरिता दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि जब तक इन परिवारों के बारे में कोई फैसला नहीं लिया जाता तब तक ये लोग सिरसा से बाहर नहीं जा सकते।
राजस्थान जाने की चर्चा
चर्चा है कि लापता परिवार राजस्थान के जोधपुर जिले में हैं। सूत्रों के अनुसार अक्सर ये मौखिक तौर पर किसी अधिकारी को बताकर जाते हैं।
जोधपुर क्षेत्र में रहने वाले काफी पाकिस्तानी परिवारों को भारत सरकार ने देश की नागरिकता प्रदान की है। ऐसे में ये परिवार भी देश की नागरिकता पाने की जुगत में लगे हुए हैं।
कुछ समय पहले ही ऐलनाबाद क्षेत्र में केंद्रीय गृह मंत्रालय से अधिकारी आए थे। 66 पाकिस्तानी परिवारों के काशश्जात उक्त अधिकारियों ने लिए , लेकिन इन्हें देश की नागरिकता का फैसला अभी तक भारत सरकार ने नहीं लिया है।
संबंधित थाने भी सूचना नहीं दी
अवैध तौर पर रह रहे पाकिस्तानी परिवारों के लोगों को जब भी जिले से बाहर जाना हो तो उन्हें ऐलनाबाद थाने में इसकी जानकारी देना जरूरी है। अभी तक किसी भी परिवार के सदस्य ने थाने में आकर इसकी सूचना नहीं दी। वैसे भी इंटेलिजेंस एजेंसियां इन परिवारों पर नजर रखती है। -विकास कुमार, थाना प्रभारी, ऐलनाबाद।