सिरसा। शहर के मिनी बाईपास रोड पर बुधवार रात आठ बजे बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी सवार नाबालिग से मारपीट कर 800 रुपये लूट लिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित तन्मय (17) पुत्र संजय कुमार, निवासी चतरगढ़पट्टी ने पुलिस को बताया कि वह हाल ही में 12वीं कक्षा पास कर चुका है और आर्मी में भर्ती के लिए शहीद भगत सिंह स्टेडियम में ट्रेनिंग लेने जाता है।
28 मई की रात को वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था, तभी मिनी बाईपास रोड पर सीडीएलयू के गेट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोकने की कोशिश की। जब वह नहीं रुका, तो युवकों ने उसे जबरदस्ती रोक लिया और मारपीट की। तन्मय ने बताया कि उन्हें धक्का मारा जिससे वह डिवाइडर से टकरा गया और घायल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 800 रुपये निकालकर फरार हो गए।
तन्मय को घायल अवस्था में घरवालों ने सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।