चोपटा। राजकीय कन्या उच्च विद्यालय कागदाना की वॉलीबाल नर्सरी में खेल प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन के लिए खेल किट वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कोच जसबीर जाखड़ के निर्देशन में हुआ। वॉलीबाल नर्सरी की खिलाड़ी छात्राओं को 60 खेल किट वितरित की गईं।
इस अवसर पर गांव के युवा समाजसेवी रमन बेनीवाल के प्रतिष्ठान दी कागदाना श्री बालाजी क्रिएटिव मल्टीपर्पज सोसायटी लिमिटेड की ओर से वॉलीबाल नर्सरी की सभी खिलाड़ी छात्राओं को 60 खेल किट भेंट की गईं। अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना एक प्रेरणादायक पहल है।
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश टोक्सिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां खेलों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने समाजसेवी रमन बेनीवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में उनका योगदान अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एसएमसी प्रधान राजबीर का जन्मदिन समारोह रहा। इस दौरान खिलाड़ियों, अतिथियों और विद्यालय स्टाफ की मौजूदगी में केक काटा गया।