सिरसा। उप मुख्यमंत्री के आवास के सामने से गुजरने वाले मिनी बाईपास की सुध अधिकारियों ने छह माह से नहीं ली है। नगर परिषद प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली के कारण अंधेरे में वाहन इस बाईपास से गुजर रहे हैं। अब नगर परिषद ने बीएंडआर के टेंडर का हवाला देकर लाइट ठीक करने से पल्ला झाड़ लिया है। हैरानी की बात यह है कि बीएंडआर जब तक बीच में लाइट नहीं लगाता है, तब तक पुरानी लाइटों को भी नगर परिषद ने शुरू करना ग्वारा नहीं समझा। इतना ही नहीं पेड़ों की टहनियाें का बहाना लेकर आज तक इन लाइटों को लेकर कोई गौर नहीं किया गया है। सच्चाई यह है कि यह पर स्ट्रीट लाइट के पोल से लेकर लाइटें तक गायब हैं। इनका रिकॉर्ड कहां है, कोई नहीं जानता।
यह हैं हालात
1 किसान चौक से दिल्ली पुल
किसान चौक से दिल्ली पुल एरिया की लाइट पूरी तरह से बंद है। बीएंडआर के टेंडर लगाने से पहले से यह लाइटें बंद हैं और ठेकेदार के मरम्मत के समय में यहां पर लाइटें थीं। लेकिन अब इन पोल पर न लाइटें हैं और न पोल की स्थिति बेहतर है। सुबह व शाम के समय अंधेरे में सेक्टर के लोग इस एरिया में सुबह व शाम की सैर करते हैं। इन सड़कों से बड़े वाहन गुजरते हैं, कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
2 भूमन शाह चौक से चतरगढ़ पट्टी फाटक
भूमन शाह चौक के चतरगढ़ पट्टी को जाने वाली सारी स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। इस रोड पर सीडीएलयू पड़ता है और शहर के बड़े वाहन मंडी से सीधे इस रोड पर आते हैं। आसपास का कुछ एरिया सुनसान है। लेकिन एक साल से किसी ने इन स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की कोशिश नहीं की। इस रोड से दिन में 10 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। जिनमें दो हजार से ज्यादा बड़े वाहन दिन -रात गुजरते हैं।
पेड़ों की टहनियों के कारण टूटे तार
नगर परिषद के अधिकारियों की माने तो पेड़ों की टहनियों के कारण तारे टूट जाते हैं। एक बार कुछ समय पहले लाइटें दुरुस्त की थी। पेड़ों के कारण तार टूट गए थे। ऐसे में कोई हादसा न हो जाए, इसलिए लाइटें बंद कर दी हैं। हैरानी की बात है कि बिजली निगम के अधिकारी भी पेड़ों की नियमित कटाई कर बिजली चालू रखते हैं। लेकिन नगर परिषद के अधिकारी स्ट्रीट लाइट को जलाने में पेड़ों की कटाई तक नहीं करवा पाए। अहम बात यह है स्ट्रीट लाइट का ठेका जिस ठेकेदार के पास है, उसे दिवाली से पहले मेंटेनेंस की पेमेंट तक विभाग ने जारी कर दी है।
पेड़ों के कारण हमने स्ट्रीट लाइट शुरू नहीं की है। अब बीएंडआर बीच में स्ट्रीट लाइट लगवाएगा। इसलिए हमने स्ट्रीट लाइट शुरू नहीं की है। स्ट्रीट लाइट को लेकर हम कोई व्यवस्था नहीं कर सकते है।
भजनलाल, लाइट इंस्पेक्टर , नगर परिषद