बुधवार को दिल्ली जाने के लिए नौ प्रवासी बस स्टैंड पर पहुंचे, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग कंफर्म न होने के कारण इनको परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में अब इन्हें अपने पैसे लेने के लिए सात दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा। इससे पहले भी प्रवासी मजदूर सिरसा से सिकंदरपुर गए। वहीं प्रशासन ने बुधवार को तीन बसों में 109 मजदूरों को रोहतक भेजा गया और ये मजदूर एमपी गए।
गुरुग्राम जाने के लिए करीब नौ प्रवासी सुबह सिंकदरपुर के लिए रवाना हुए थे, जहां जाकर उन्हें बताया कि उन सभी मजदूरों को अलीगढ़ जाना है और वह सिरसा में मेंहदी बेचने और लगाने का काम करते हैं। सिकंदरपुर डेरे से प्रवासी मजदूरों को बताया गया कि वह सिरसा बस स्टैंड पर जाएं और ऑनलाइन टिकट बुकिंग कर वह दिल्ली तक जा सकते हैं। दीपक ने बताया कि उन्हें अलीगढ़ जाना है। जब वह वापस सिरसा बस अड्डे पर पहुंचे तो उन्होंने ऑनलाइन टिकट बुकिंग कर ली, लेकिन उसमें सीट कंफर्म नहीं हुई। जब उन्होंने बस अड्डे में आकर पूछा कि दिल्ली के लिए सीट कंफर्म नहीं हो रही है तो बस अड्डे पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि दिल्ली के लिए ई-टिकटिंग बंद हो गई है, जिस कारण वह अपनी टिकट बुक नहीं कर सकते हैं। मजदूर धर्मवीर ने बताया कि जब उन्होंने टिकट को रद्द करवाया तो उनके किराए के लगे पैसे भी सात दिन से पहले वापस नहीं आएंगे और अब उनके पास खाने तक को पैसे नहीं है। भीम सिंह और महेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपना मेडिकल पहले से ही बनवा रखा है, जिसके बाद भी उन्हें कोई उम्मीद नहीं है कि वह अपने घर तक पहुंचेंगे।
300 मजदूर आज जाएंगे बिहार
वहीं सिकंदरपुर डेरे से दस बसों में सवार होकर 300 मजदूर वीरवार को हिसार तक जाएंगे। हिसार से इन्हें आगे ट्रेन में बिहार तक पहुंचाया जाएगा। वहीं करीब 100 मजदूरों के लिए यूपी में बसें चलाई जाएगी। बिहार जाने वाले कमलेश ने बताया कि वह चोपटा के इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ता था, उसके सभी साथी चले गए थे। वह अकेला ही रह गया था। इसके बाद उसने डीएसपी राजेश चेची से संपर्क किया तो डीएसपी ने उसे सिरसा के एक पीजी में रुकवाया, अब वह भी अपने घर चला जाएगा। डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि 300 मजदूरों को लेकर दस बसें वीरवार को हिसार रवाना होगी।
ई टिकटिंग का दिल्ली के लिए पोर्टल बंद है। अपडेट करवाया जा रहा है। सवारी बस समय से करीब चार घंटे पहले बुकिंग कर सकते हैं।
-केआर कौशल, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज सिरसा डिपो।