युद्ध नशे के विरुद्ध
फाेटो 40
डबवाली में ''भांगड़ा दी बीट'' थीम पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम, मंडी डबवाली में शनिवार सुबह भांगड़ा दी बीट–ड्रग फ्री स्ट्रीट थीम पर नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें युवाओं, बच्चों, महिलाओं, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों सहित आमजन ने भाग लिया।
कार्यक्रम में नशे के खिलाफ जनएकजुटता का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम डबवाली पुलिस जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर ने भी प्रतिभागियों के साथ सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। डबवाली पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करती है। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, नशा मुक्ति कमेटियां और नशा मुक्ति शिविर भी आयोजित कर रही है।
इन प्रयासों का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखना है। उन्हें खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
युवाओं को सकारात्मक दिशा
पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने दोस्तों, परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने को कहा। खेल, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियां युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के प्रभावी माध्यम हैं। इसी उद्देश्य से पुलिस समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं और युवा-केंद्रित जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करती है।