बदरी प्रसाद गुप्ता को सम्मानित करते सूचना आयुक्त भूपेंद्र धर्माणी व विहिप और आरएसएस के पदाधिकार
- फोटो : Sirsa
सिरसा। भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण को लेकर सिरसा में भी लोग खुशियां जता रहे हैं, लेकिन 1990 में राम जन्मभूमि को लेकर सिरसा में शिला पूजन अभियान चला था। जिसके तहत हर गांव से शिलाएं इकट्ठी की गई थीं। हरियाणा के सूचना आयुक्त भूपेंद्र धर्माणी ने बताया कि सिरसा में शिला पूजन अभियान उड़ीसा (अब ओडिशा) के मौजूदा राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल के नेतृत्व में उन्होंने व बदरी प्रसाद गुप्ता ने चलाया था। हर गांव से शिलाएं इकट्ठी की गई थीं और शहर के नेहरू पार्क में इकट्ठी की गई थीं। रामायण का पाठ करवाया गया था। प्रो. गणेशीलाल के नेतृत्व में 250 लोगों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ था, लेकिन अकेले प्रो. गणेशीलाल ही थे जो कि सरयू नदी तक पहुंचे थे। सिरसा में भी मंडल आंदोलन के समय आगजनी हुई। कर्फ्यू लगा, लेकिन पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा। दो दिवसीय कार्यक्रम शांति पूर्ण संपन्न हुआ। मौजूदा समय में राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, साध्वी ऋतंभरा, साध्वी उमा भारती तब सिरसा आए थे।
100 साल के बद्री प्रसाद गुप्ता से लिया आशीर्वाद
बीते दिन सोमवार को विश्व हिंदू परिषद के विभागाध्यक्ष ब्रजमोहन शर्मा, सूचना आयुक्त भूपेंद्र धर्माणी, सतीश काठपाल, सतीश निर्मल ने सेक्टर 19 निवासी बदरी प्रसाद गुप्ता को धर्म ध्वजा देकर सम्मानित किया। विभागाध्यक्ष ब्रजमोहन शर्मा ने कहा कि वे बदरी प्रसाद से आशीर्वाद लेने आए हैं। सूचना आयुक्त भूपेंद्र धर्माणी ने बताया कि सेक्टर 19 निवासी बदरी प्रसाद गुप्ता आगामी 20 अक्टूबर को सौ साल के हो जाएंगे। राममंदिर की भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर उनकी आंखों में चमक दिखाई देने लगी है। बदरी प्रसाद गुप्ता राम मंदिर आंदोलन से जुड़े सक्रिय सदस्यों में से एक हैं। वे विश्व हिंदू परिषद के जिले के पहले अध्यक्ष रहे हैं।