रानियां। श्री गुरदेव चेरिटेबल ट्रस्ट संतनगर की ओर से गुरदेव इंडोर स्टेडियम, संतनगर में तीन दिवसीय छठा मेगा बैडमिंटन टूर्नामेंट आज से शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट का शुभारंभ जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण करेंगे।
टूर्नामेंट में पुरुषों के एकल व युगल, महिलाओं के एकल व मिक्स डबल, पुरुषों के 70, 80 व 90 वर्ष से अधिक आयु वर्ग, पुरुष एकल में 35 व 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा लड़के-लड़कियों के अंडर-11, 13, 15 व 17 आयु वर्ग तथा लड़कों के अंडर-19 आयु वर्ग के मैच भी खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में प्रथम पुरस्कार 6 हजार से लेकर 51 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 3500 से लेकर 31 हजार रुपये के पुरस्कार व ट्राॅफी दी जाएगी।
कोच हरप्रीत सिंह और जितेंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि टूर्नामेंट में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित उत्तर भारत के शीर्ष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। करीब 400 टीमों की भागीदारी से यह प्रतियोगिता 9 से 11 जनवरी तक चलेगी। खिलाड़ियों के लिए पुख्ता इंतजाम आयोजक अमर कुका ने बताया कि टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।