विकास कार्यों को लेकर शहर की सरकार कही जाने वाली नगर परिषद सिरसा के हाउस की बैठक पांच अक्तूबर को बुलाई गई है। इस बैठक में 38 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। जिसमें 30 वार्डों में होने वाले विकास कार्यों को शामिल किया गया है। ऐसे में शहर में होने वाले विकास कार्यों को लेकर यह बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि नप चेयरपर्सन का 11 अगस्त का चुनाव स्थगित होने के बाद विकास कार्यों पर पहली बार हाउस इकट्ठा होने जा रहा है।
नप की पिछली बैठक 26 फरवरी 2019 को कार्यकारी प्रधान रणधीर सिंह की अध्यक्षता में हुई थी। इस बैठक से करीब आठ महीने पहले ही पार्षदों से तत्कालीन चेयरपर्सन शीला सहगल को उतारा था। 26 फरवरी 2019 के बाद करीब डेढ़ साल से ज्यादा समय बाद अब शहर के विकास कार्यों को लेकर नप की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में 38 प्रस्ताव रखे गए है। वहीं 11 अगस्त को नगर परिषद के चेयरपर्सन का चुनाव स्थगित होने के बाद यह हाउस की पहली बैठक है।
ये हैं मुख्य प्रस्ताव
पांच अक्तूबर को होने वाली नप की बैठक में 2004 से लेकर 2014 तक वैध हुई 34 कॉलोनियों में कुछ रकबा किन्हीं कारणों से शेष रह गया था। अब ये रकबा भी पूर्ण तौर पर आबाद हो चुका है, इसलिए इन कॉलोनियों के लोगों द्वारा नक्शे पास करने के लिए नप के पास आवेदन पत्र भेजे जा रहे हैं। इसलिए लोगों के नक्शे पास करवाने और इनके केस निदेशालय को भेजने की स्वीकृति को रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर में अवैध कालोनियों के सर्वे, नक्शे, प्लाट नंबर आदि के सर्वे के लिए एजेंसी हायर करने के लिए प्रस्ताव पेश किया गया है।
नप द्वारा शहर में एक जनवरी 2014 से लेकर 12 मई 2015 तक रिकवरी क्रेन को किराए पर लिया गया था। कोर्ट के आदेश पर नप को अब 95154 रुपये अदा करना है। इसे भी एजेंडे में शामिल किया गया है। शहर में आवारा घूूमने वाले सूअरों को पकड़ने का टेंडर और लावारिस पशुओं के लिए 30 लाख रुपये की लागत से हाइड्रोलिक वाहन की खरीद का टेंडर लगाया जाना है। नप की शहर में खाली पड़ी भूमि पर चारदीवारी करके उन्हें पार्क या खेल के लिए विकसित करने, शहर के पार्कों के सुंदरीकरण, नए जिम, एरिया में नई लाइट्स प्रस्ताव में शामिल किया गया है।
लाल बत्ती की मरम्मत का प्रस्ताव भी शामिल
शहर के बाबा भूमणशाह चौक व सांगवान चौक पर लाल बत्ती की मरम्मत करवाने, शहर के आटो मार्केट में नगर परिषद सिरसा का नया भवन व आगे दुकानें, 70 लाख रुपये की लागत से शहर में विद्युत शवदाह गृह स्थापित किया जाना है। इसके साथ शहर में सात सफाई दरोगाओं के साथ एक, एक ट्रैक्टर ट्राली की खरीद या किराए पर लेने के लिए, सफाई कर्मचारियों के नए पद सृजित किए जाने, दमकल विभाग की गाड़ियों की मरम्मत, फॉगिंग मशीन, नए पानी के टैंकर, केलनियां नंदीशाला में गोबर गैस प्लांट लगाने के एजेंडे शामिल है।
किस वार्ड के कितने काम
30 वार्डों में सबसे ज्यादा वार्ड नंबर 19 के 70 विकास कार्य है। वार्ड एक के सात, दो के 42, तीन के 47, चार के 36, पांच के 14, छह के 29, वार्ड सात के 11, वार्ड आठ के 12, वार्ड नौ के आठ, दस के 20, वार्ड 11 के 11, वार्ड 12 के 24, वार्ड 13 के 47, वार्ड 14 के 11, वार्ड 15 के 12, वार्ड 16 के आठ, वार्ड 17 के आठ, वार्ड 18 के 13, वार्ड 19 के 70, वार्ड 20 के 13, वार्ड 21 के 30, वार्ड 22 के 19, वार्ड 23 के 13, वार्ड 24 के नौ, वार्ड 25 के 15, वार्ड 26 के 38, वार्ड 27 के 21, वार्ड 28 पांच, वार्ड 30 के 11, वार्ड 31 के 17 विकास कार्यों को हाउस की बैठक में पास किया जाएगा।
कोट
हमने सभी पार्षदों से विकास कार्यों की सूची मांगी थी, प्रस्ताव में सभी के विकास कार्य शामिल किए गए हैं। ताकि शहर के हर वार्ड का विकास हो सकें।
- संगीता तेतरवाल, जिला नगर आयुक्त, सिरसा।