खंड की निजी स्कूल एसोसिएशन की एक बैठक माता विद्या देवी स्कूल पिपली में आयोजित हुई। बैठक में एसोसिएशन के राज्य उप-प्रधान अमित मेहता, जिला प्रधान पंकज सिडाना, निसा की क्वालिटी एडवाइजर डॉ. कुलदीप कौर आनंद, ब्लॉक प्रधान भूपेंद्र जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उप-प्रधान अमित मेहता ने कहा कि कोरोना काल के चलते विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ-साथ निजी स्कूलों की आर्थिक दशा भी काफी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों पर शिक्षा का अतिरिक्त दबाव न बने इसके लिए शीघ्र ही सत्र का समापन कर नया सत्र शुरू किया जाए। ब्लॉक प्रधान भूपेंद्र जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि निजी स्कूल एसोसिएशन का ये फैसला है कि बिना फीस किसी भी विद्यार्थी से परीक्षा नहीं ली जाएगी। बिना परीक्षा के किसी भी विद्यार्थी को अगली कक्षा दाखिला नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नया सत्र एक अप्रैल से शुरू किया जाएगा। बिना एसएलसी के दाखिला करने वाले स्कूलों पर एसोसिएशन की तरफ से कार्रवाई की जाएगी। बैठक में ओढां ब्लॉक की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी में भूपेंद्र जैन को ब्लॉक प्रधान, महेंद्र लुटासरा उप-प्रधान, प्रेम यादव सचिव, मनीषा मोंगा सह-सचिव, सुरेंद्र कुमार कैशियर, नछत्तर सिंह सरंक्षक, संजीव शर्मा, पुलकित जैन व रविंद्र शर्मा संरक्षक चुने गए। इस मौके पर जिला उप-प्रधान रविंद्र मजीठिया, तीर्थ राम शर्मा, सुरेन्द्र अरोड़ा, रवि कुमार, गुरमीत सिंह, शबनम हांडा व किरण शर्मा मौजूद रहे।