रानियां। खंडस्तरीय स्कूली खेलकूद महाकुंभ में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बणी की कबड्डी व फुटबाल टीमों और एकल स्पर्धा के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान हासिल किए हैं। इस महाकुंभ में विद्यालय से 100 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें अंडर 14, 17, 19 आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों की टीम शामिल रही।
खिलाड़ियों की ओर से खंड स्तर पर स्वर्ण व रजत पदक जीतने पर विद्यालय प्रशासन व उम्मीद क्लब सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत कर हौसला बढ़ाया। विद्यालय डीपीई भजन लाल ने बताया कि स्कूली खेलकूद महाकुंभ में विद्यालय से कबड्डी प्रतिस्पर्धा के अंडर- 14 व 17 आयुवर्ग की लड़कियों की टीम ने खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक और एथलेटिक्स प्रतिस्पर्धाओं में कई पदक अपने नाम किए हैं।
फुटबाल में लड़कों की अंडर-14 व 17 आयुवर्ग की टीम ने पहला स्थान, कबड्डी के अंडर 17 आयुवर्ग में प्रथम के साथ स्वर्ण और अंडर 19 आयुवर्ग में द्वितीय स्थान हासिल करते हुए रजत पदक पर कब्जा किया है। लड़कों ने भी एथलेटिक्स व अन्य अलग-अलग एकल प्रतिस्पर्धा में पदक जीते हैं। खिलाड़ियों के पदक जीतकर विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य अनिल गर्ग ने सभी खिलाड़ियों, डीपीई भजन लाल व उम्मीद क्लब सदस्यों को बधाई दी। इस मौके पर विद्यालय प्राचार्य अनिल कुमार गर्ग, अध्यापक विकास झोरड़, अजमेर सिंह बराड़ सहित अन्य मौजूद रहे।