सिरसा। कॉस्मेटिक दुकान संचालिका से वीरवार रात बाइक सवार दो नकाबपोश दो युवक पर्स छीन ले गए। घटना के समय दुकान संचालिका नमीता अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर घर जा रही थी। घर के बाहर मुख्य गेट पर गली में स्कूटी रोकी तो पीछे से आ रहे बाइक सवार नकाबपोश युवक हाथ से पर्स छीनकर भाग गए। नमीता ने बताया कि आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। नमीता ने बताया कि सिरसा में गीता भवन वाली गली में उसकी कॉस्मेटिक की दुकान है। वह प्रीत नगर गली नंबर 12 में रहती है। 19 जून वीरवार रात वह दुकान पर थी। वीरवार को उनके पति किसी काम से बाहर गए थे, इसलिए उसे लेने के लिए उसकी बेटी आई थी। करीब 9 बजे वह दुकान से बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर पहुंची। नमीता ने बताया कि जब घर के बाहर गली में रुके तो पीछे-पीछे बाइक पर दो युवक गमछे से मुंह ढककर आए और पर्स छीन भाग गए। इसके बाद बेटी ने बाइक सवारों का कुछ दूर तक पीछा भी किया लेकिन पकड़ नहीं पाई।
पर्स में करीब 700 रुपये और मोबाइल था। हालांकि कुछ देर बाद उसका मोबाइल घर के बाहर पड़ा मिला। बता दें कि इससे पहले नोहरिया बाजार में महिला से 50 हजार से भरा बैग बाइक सवार युवक ले गए थे।