रेलवे फाटक के पास बिना मास्क के वाहन चालक को रोकते महिला पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : Sirsa
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती करनी शुरू कर दी है। बिना मास्क और सामाजिक दूरी के नियमों की अवहेलन करने पर पुलिस ने 55 लोगों के चालान काटे हैं। वहीं, एसडीएम डॉ. जयवीर यादव ने महिला महाविद्यालय और नेशनल कॉलेज का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और कॉलेज अधिकारियों को सख्ती से नियमों को अपनाने के आदेश भी दिए। रेलवे स्टेशन पर भी जीआरपी ने भी अभियान चलाया।
शनिवार को यातायात थाना प्रभारी ने शहर के सुभाष चौक, भगत सिंह चौक और सदर बाजार में बिना मास्क पहने 50 लोगों के चालान काटे । वहीं, जीआरपी थाना प्रभारी रणधीर सिंह के निर्देश पर एएसआई राजबीर सिंह, एचसी दर्शना देवी, कांस्टेबल सीमरजीत कौर, महेश कुमार और गुरजंट सिंह ने बिना मास्क लगाए पांच लोगों के चालान काटे।
एसडीएम ने कॉलेजों का किया निरीक्षण
कोरोना महामारी के मामले दोबारा से बढ़ने पर कॉलेजों का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम डॉ. जयवीर यादव ने महिला महाविद्यालय और नेशनल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कॉलेज की कक्षाओं का निरीक्षण किया। कई कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या अधिक मिलने पर उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक दूरी बनाए रखने और मास्क पहने रखने के आदेश दिए। वहीं उन्होंने कॉलेज शिक्षकों को भी नियमों की पालना करने के प्रति जागरूक किया।