छात्रा को बेहोश कर उससे जबरन शादी करने के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को पीड़िता के समर्थन में एसपी कार्यालय पर धरना दिया।
पीड़िता ने इंसाफ नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी। उधर, डीएसपी ने मामले में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाकर ग्रामीणों को शांत किया।
एसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीण हेतराम, हनुमान, भागीरथ, ओमप्रकाश, मदनलाल आदि ने बताया कि पहले तो पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने में ही आनाकानी करती रही।
बाद में केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले में पुलिस के बड़े अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं।
कोई सुनवाई नहीं होने पर मजबूर होकर उन्हें एसपी कार्यालय पर धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। ग्रामीणाें के धरने पर बैठते ही पुलिस अधिकारी हरकत में आए।
ग्रामीण यहां एसपी अश्विन शैणवी से बातचीत करने पर अड़े रहे। बाद में एसपी ने डीएसपी जगदीश काजला को ग्रामीणों से बातचीत के लिए भेजा।
पुजारी ने लिए थे 11 हजार रुपयेडीएसपी जगदीश काजला ने धरनास्थल पर पहुंचकर पीड़िता और ग्रामीणों से बातचीत की। यहां पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने पंडित को शादी कराने के लिए 11 हजार रुपये दिए थे।
इसके बाद डीएसपी ने शहर थाना प्रभारी सुभाष कुमार को पुजारी से पूछताछ करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों को शीघ्र ही मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह है पूरा मामलासिरसा जिले के एक गांव की छात्रा सिरसा स्थित एक महिला कॉलेज में पढ़ती है। रोजाना की तरह वह पांच मई को कॉलेज पहुंची। इसी दौरान उसकी सहेली का रिश्तेदार नथोर निवासी विक्रम वहां आया।
दोनों से बातचीत के दौरान उसने पीड़िता को नशीला पदार्थ सुंघा लिया। इससे वह बेहोश हो गई। पीड़िता के बेहोश होने पर विक्रम उसे कार में बिठाकर मंदिर ले गया। वहां उसने पुजारी को लालच देकर पीड़िता से शादी कर ली।
होश में आने पर पीड़िता आरोपी के चंगुल से बचकर भाग निकली। उसने गांव पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर शहर थाना पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर कई दिनों तक कार्रवाई नहीं की। बाद में लगातार शिकायत करने के बाद पुलिस ने विक्रम और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।