सिरसा। जेजे कॉलोनी निवासी विवाहिता की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी पंकज की निशानदेही पर खून से लथपथ कपड़े, वारदात में इस्तेमाल ब्लेड, विवाहिता की पाजेब और एक बाली बरामद की है। पुलिस ने आरोपी पंकज की रिमांड खत्म होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
बता दे कि बीते 31 मई को जेजे कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा के पास खाली मकान में एक महिला का शव मिला था। महिला का गला और हाथ काटकर उसकी हत्या की गई थी। हत्या आरोपी पंकज ने ही महिला के पति शव के बारे में जानकारी दी थी। आरोपी हत्या करने के बाद राजस्थान के पीलीबंगा में अपने रिश्तेदारों के घर चला गया था और यहां पर वह कपड़े बदलकर वापस सिरसा आ गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पंकज को सिरसा की रेलवे कॉलोनी से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने महिला से कहासुनी होने के बाद हत्या करना कुबूला था। शहर थाना प्रभारी बनवारी लाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सामान बरामद कर पंकज को जेल भेज दिया है।