संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। शहर के वार्ड नंबर 6 स्थित कबीर बस्ती निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर के कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 55 वर्षीय जगदीश पुत्र सरवन राम के तौर पर हुई है। सूचना मिलने पर शहर थाना डबवाली व गोल बाजार पुलिस चौकी के एएसआई राम स्वरूप मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
गोल बाजार पुलिस को दिए बयान में मृतक के बेटे बलकार सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी माता शारदा के नरसी पुत्र माला राम निवासी संगरिया, के साथ अवैध संबंध हैं। जिसके कारण उसके पिता व माता आपस में झगड़ते रहते थे। उसने आरोप लगाया कि उसकी माता ज्यादातर मेरे ननिहाल गांव बोलियांवाली जिला हनुमानगढ़ में रहती थी। छह फरवरी को उसका पिता मेरी माता को लेने के लिए गांव बोलियांवाली गया था। वहां पर माता शारदा व मामा राजू ने उसके पिता जगदीश के साथ मारपीट की। इसके बाद उसके पिता ने घर के कमरे में लगे पंखे से फंदा लगा लिया। उक्त तीनों की वजह से ही उसके पिता ने आत्महत्या की है,। गोल बाजार पुलिस चौकी के एएसआई राम स्वरूप ने बताया कि बलकार सिंह के बयानों के आधार पर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने धारा 306, 34 आईपीसी के तहत उक्त तीनों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।