सीसीटीवी में कैंद लूट की वारदात
- फोटो : amarujala
हिसार रोड पर स्थित रिया ट्रेवलर्स एजेंसी दफ्तर में पिस्तौल के बल पर एक नकाबपोश बदमाश ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूटपाट के बाद बदमाश भागने लगा तो उसे एक चायवाले ने दबोच लिया। इसके बाद बदमाश ने गोली चलानी शुरू कर दी जिससे उक्त आदमी ने उसे छोड़ दिया। बदमाश ने सामने से आ रहे बाइक सवार को पिस्तौल दिखाकर रोका और उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलने पर सीआईए इंचार्ज राजाराम व शहर थाना प्रभारी राम सिंह मौके पर पहुंचे। लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे मेें कैद हो गई है। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी करके बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हिसार रोड पर आरओबी के नीचे रिया ट्रेवलर्स एजेंसी का दफ्तर है। शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे एजेंसी संचालक हितेश तलवाड़ व ऑपरेटर राशि दफ्तर में बैठे हुए थे। हितेश तलवाड़ दफ्तर से बाहर गए तो उसी समय सिर पर हेलमेट पहनकर एक बदमाश हाथ में पिस्तौल लेकर अंदर आया और ऑपरेटर राशि पर पिस्तौल तान दी। बदमाश ने उससे कहा कि अगर जान प्यारी है तो सारे रुपये उसके हाथ में थमा दो। मरने के डर से राशि ने गल्ले में पड़े सारे रुपये उठाकर लिफाफे में डाले और बदमाश को थमा दी। बदमाश दफ्तार से बाहर निकलकर गली की तरफ भागा तो चाय की दुकान वाले रमेश कुमार ने उसे दबोच लिया। बदमाश के हाथों से रुपये नीचे गिर गए।
उसने रमेश के चुंगल से छूटने के लिए पिस्तौल से गोली चलानी शुरू कर दी। मौत के डर से रमेश ने बदमाश को छोड़ दिया। बदमाश नीचे गिरे रुपयों में से कुछ रुपये उठाए और पिस्तौल लेकर भागने लगा। फिर उसने सामने से आ रहे बाइक सवार पर पिस्तौल तानी और उससे बाइक छीनकर फरार हो गया। ट्रेवलर्स एजेंसी मालिक हितेश तलवाड़ ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके वरदात की जानकारी थी। इसके बाद सीआईए व सिटी एसएचओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हितेश तलवाड़ व चाय बेचने वाले रमेश का बयान दर्ज किया। लूट की पूरी वारदात दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। एजेंसी मालिक हितेश का कहना है कि करीब सवा लाख रुपये बदमाश लूटकर ले गया था। चाय वाले की बदौलत आधी राशि सड़क गिरी मिली है। शहर थाना प्रभारी राम सिंह का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।