लोक पंचायत ने दमनात्मक कार्रवाई रोकने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव नकौड़ा के बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा संत तेजा सिंह में मंगलवार को लोक पंचायत जिला सिरसा की मासिक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता मुख्तयार सिंह ढिल्लों नाईवाला ने की। बैठक में क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई।
पंचायत ने हरियाणा सरकार से लंबे समय से आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों की सभी न्यायोचित मांगों को तुरंत स्वीकार करने की अपील की। सदस्यों ने बताया कि हड़ताल के कारण कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पंचायत ने कहा कि इससे जगह-जगह गंदगी जमा होने के साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने और दमनात्मक कार्रवाई बंद करने की मांग की।
एक अन्य प्रस्ताव में प्रधानमंत्री द्वारा 15 अगस्त को दिए गए भाषण में ‘दिमागी नक्सल’ संबंधी टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की गई। सदस्यों ने इसे जनविरोधी बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना नागरिकों का अधिकार है।
अन्य प्रमुख मांगें
बैठक में बरसात की कमी और घग्गर नदी का पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। पंचायत ने सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही जैन आंदोलन समाप्त करवाते समय किए गए सभी वादों को शीघ्र पूरा करने की भी मांग की गई। यह इसलिए ताकि संबंधित लोगों को दोबारा आंदोलन का रास्ता न अपनाना पड़े।