अक्षय तृतीया पर 14 मई को अबूझ साहा सहित मई महीने में होने वाली विभिन्न शादियों पर कोरोना और लॉकडाउन का असर देखने को मिल रहा है। शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण व लॉकडाउन के कारण लगभग 100 शादियां स्थगित हो गई है। 20 लोगों ने एसडीएम कार्यालय में शादियों की अनुमति के लिए आवेदन किया है। विभिन्न मुहूर्त के चलते यह आवेदन 24 मई तक है। साथ ही शादी के बंधन में बंधने वाले वर और वधू शॉपिंग भी नहीं कर पा रहे हैं। धूमधाम से शादी करने की इच्छा रखने वालों ने शादियां स्थगित कर दी है।
जानकारी के अनुसार मई में शहर में लगभग 100 शादियों से अधिक विवाह समारोह के लिए मैरिज पैलेस बुक थे, जिनमें अक्षय तृतीया के दिन सबसे अधिक बुकिंग थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते सभी स्थगित कर दी गई है। जिनकी शादियां होगी, उसमें नए नियम अनुसार सिर्फ 11 व्यक्ति ही शामिल हो सकते हैं। सीजन में अक्षय तृतीया के दिन अबूझ मुहूर्त होने के चलते सबसे अधिक शादियां होनी थी। इस दिन को शुभ माना जाता है। 14 मई को आने वाली अक्षय तृतीया से पहले जब लोगों को शॉपिंग करनी थी तो इसी बीच लॉकडाउन लग गया। दूल्हा- दूल्हन के कपड़े, बैंड - बाजा, मालाएं व अन्य चीजों की शॉपिंग नहीं हो पाई है।पंडित अरूण कौशिक ने बताया कि मई में 14,18,21,22,24,30 और 31 मई को शुभ महूर्त है।
मेरे पास लगभग 20 शादियां करवाने के लिए मुहूर्त बुक थे। इन सभी लोगों ने फोन करके शादियां स्थगित कर दी हैं। ऐसा करने वाले ज्यादातर लोगों का कहना है कि हम धूमधाम से शादी करना चाहते हैं लेकिन लॉकडाउन के चलते मात्र 11 ही व्यक्तियों की अनुमति है। वहीं कोरोना संक्रमण के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। सब कुछ ठीक रहा तो लॉकडाउन के बाद शादी का मुहूर्त निकलवाएंगे। - पं. अरुण कौशिक
25 शादियां करवाने के लिए मेरे पास विभिन्न तारीखों पर दिन बुक थे, लेकिन जैसे ही पहला लॉकडाउन लगा लोगों के फोन आने शुरू हो गए और लोगों ने शादियां रद्द करवा दी। लोगों ने कहा कि शादी करवाने के लिए कपड़े, बैंड- बाजे, घोड़ी सामानों की जरूरत पड़ती है लेकिन लॉकडाउन के चलते कुछ भी नहीं मिल रहा । इसलिए शादी स्थगित करवा रहे हैं। - पं. हंसराज शर्मा
लॉकडाउन के चलते लोगों में भय बना हुआ है। मेरे पास लगभग 23 से 24 शादियां करवाने की बुकिंग थी,लेकिन सभी शादियां स्थगित कर दी है। कईयों ने तो जुलाई माह का सावा निकलवाया है उनका कहना है कि जुलाई तक सब सामान्य हो जाएगा। उसी वक्त शादी करेंगे।- पं. कमल कौशिक
मई माह में अत्याधिक साहे होते हैं। जिसमे अक्षय तृतीया सर्वश्रेष्ठ दिन माना जाता है व इस दिन सबसे ज्यादा शादियां होती है। क्योंकि यह एक अबूझ सावा होता है इस दिन कोई भी बिना मुहूर्त के शादी करवा सकता है। मेरे पास 13 शादियां थी लेकिन सब रद्द हो गई। बहुत से लोगों का कहना है कि घर पर इकलौता बेटा है या बेटी है धूमधाम से शादी करना चाहते हैं। लेकिन लॉकडाउन की पाबंदियों में कुछ भी खरीद पाना मुश्किल है इसलिए शादी स्थगित कर आगे की रख रहे हैं। -पंडित पंकज शर्मा