सिरसा। आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने नटार में स्लॉटर हाउस में डॉग स्टे सेंटर बनाने की तैयारी पूर्ण कर ली है। इसके साथ ही एजेंसी को कुत्ते पकड़ने का टेंडर भी दिया जा चुका है। एजेंसी को वर्कऑर्डर जारी होने के बाद भी अभियान शुरू नहीं हुआ है। एजेंसी को नोटिस देकर जल्द से जल्द कुत्तों की नसबंदी करने के निर्देश अधिकारियों ने दिए हैं।
बता दें कि 15 नवंबर को एडीसी विरेंद्र सहरावत ने नगर परिषद के अधिकारियों को आदेश दिए थे कि आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तुरंत की जाए। इसके बाद 15 दिन पहले मुख्य सफाई निरीक्षक जयवीर सिंह ने स्लॉटर हाउस का निरीक्षण किया और व्यवस्था जांची। इसके उपरांत कुत्तों का डॉग स्टे होम बनाने का निर्णय फाइनल किया गया। जहां नगर परिषद लोगों को राहत देने की दिशा में काम कर रहा है। वहीं, कई एरिया में कुत्तों को गलियों में रोटी डालने को लेकर विवाद सामने आ रहे हैं। शक्ति नगर में ऐसा ही मामला सामने आया है और चौकी में पंचायत होकर निर्णय हुआ है।
पशु प्रेम बना आफत, तीन तक खोजने पड़े कुत्ते
पिछली बार जब कुत्तों की नसबंदी का अभियान शुरू किया गया था। तब कुछ समाजसेवी ने गलियों से कुत्ते गायब होने का हवाला देते हुए सीएम विंडो सहित अलग-अलग स्तर पर शिकायत की थी। इन शिकायतों के कारण अधिकारियों को परेशानी उठानी पड़ती और तीन दिन गलियों में कुत्तों को खोजकर पुन: उसी गली में छोड़कर आए। इसलिए इस बार एजेंसी को सख्त निर्देश दिए गए है कि नसबंदी के बाद कुत्तों को वापस संबंधित गली में छोड़ा जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो कार्रवाई होगी।
शहर से चार किलोमीटर है नटार
सीएसआई के अनुसार नटार रोड पर नगर परिषद का स्लॉटर हाउस है। यह शहर से लगभग चार किलोमीटर दूर पड़ता है। हिंसक कुत्तों को लेकर यहां पर व्यवस्था करना बेहतर होगा। एजेंसी को आवारा कुत्तों की वैक्सीनेशन और नसबंदी करने में आसानी होगी।
कुत्तों के काटने के मामले बढ़ते जा रहे
नगर परिषद क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 10 कुत्तों के काटने की शिकायतें आती हैं। गर्मियों में यह संख्या दोगुनी हो जाती है। जिले भर में प्रतिदिन लगभग 30 मामले दर्ज किए जाते हैं। सर्दियों में धुंध बढ़ने के साथ ही कुत्तों के काटने के मामलों में भी वृद्धि होने की संभावना है। एडीसी ने निर्देश दिए हैं कि सभी संस्थान अपने यहां नोडल अधिकारी नियुक्त करें, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि कैंपस में कोई आवारा कुत्ता न हो। स्कूल और अन्य संस्थानों को कुत्तों के प्रवेश को रोकने के लिए उचित चहारदीवारी बनानी होगी और नगर परिषद को प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि संस्थान आवारा कुत्तों से मुक्त है।
नगर परिषद ने स्ट्रीट डॉग के लिए एजेंसी को वर्कऑर्डर दे दिया गया है। स्लाॅटर हाउस में डॉग स्टे सेंटर बनाया जाएगा, जहां पर हिंसक कुत्तों को रखा जाएगा। एजेंसी को पत्र लिखकर जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। - जयवीर सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, सिरसा।