संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव खुईयांनेपालपुर में एक समाजसेवी ने अपनी लाखों रुपये की भूमि गोशाला को दानस्वरूप देकर गोसेवा का एक बड़ा उदाहरण प्रस्तुत किया है। गोशाला प्रबंधन कमेटी ने कहा कि ऐसे गोसेवकों की बदौलत ही गोवंश का सही ढंग से रख-रखाव हो रहा है।
सिरसा में रहने वाले आढ़ती दर्शन सिंह सिधू निवासी गांव खुईयांनेपालपुर कुछ वर्ष पूर्व गांव खुईयांनेपालपुर में स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गोशाला में आए थे। इस दौरान उन्होंने गऊ माता के समक्ष अपने घर में पौत्र होने की मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर उन्होंने गोशाला के साथ लगती अपनी 2 कनाल 4 मरला भूमि गोशाला को दान कर दी। सोमवार को गोशाला में समाजसेवी दर्शन सिंह के सम्मान स्वरूप कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें व उनके परिवार को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हरियाणा गोसेवा आयोग के सदस्य अजीत सिहाग, गोशाला प्रधान हरपाल सिंह सिधू, सरपंच राधेश्याम गांधी के अलावा खुईयांनेपालपुर, पीरखेड़ा, कर्मगढ़, साहुवाला प्रथम, मोड़ांवाली सहित अन्य गांवों से काफी संख्या में गोसेवक व ग्रामीण पहुंचे। गोसेवा आयोग के सदस्य अजीत सिहाग व सरपंच राधेश्याम आदि मौजूद रहे।