सिरसा। अनाज मंडी स्थित चौधरी दलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम में लगे गंदगी के ढेर। संवाद
सिरसा। अनाज मंडी स्थित चौधरी दलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम बदहाली का दंश झेल रहा है। खेल गतिविधियों से गुलजार रहने वाले स्टेडियम आज अव्यवस्थाओं, गंदगी और असुरक्षा का प्रतीक बन चुका है। खेल सुविधाओं की कमी और सुरक्षा के अभाव में यहा सन्नाटा पसरा रहता है।
स्टेडियम परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं जिससे यहां आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्टेडियम में कई स्थानों पर लगी ग्रिल टूटी हुई हैं जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खेल परिसर नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है। दिनभर असामाजिक गतिविधियों के चलते खिलाड़ी और युवा यहां अभ्यास के लिए आना बंद कर चुके हैं।
स्टेडियम में बने एथलेटिक्स ट्रैक की हालत बेहद खराब हो चुकी है। ट्रैक पुराना और उखड़ा हुआ है जिससे खिलाड़ी अभ्यास करने से कतराते हैं। परिसर में शराब की बोतलें और नशे से जुड़ा सामान खुलेआम पड़ा दिखाई देता है। स्टेडियम की दुर्दशा का एक बड़ा कारण खेल उपकरणों की उचित देखभाल न होना भी है। आधुनिक और महंगे खेल उपकरण धूल फांक रहे हैं। हैंडबाल और बास्केटबाल कोर्ट भी अब केवल नाममात्र के रह गए हैं। सफाई की स्थिति इतनी खराब है कि यहां अभ्यास करना मुश्किल हो गया है।
सांसद लिख चुकी हैं पत्र :
इस गंभीर स्थिति को लेकर सांसद कुमारी सैलजा पहले ही केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री को पत्र लिख चुकी हैं। उन्होंने स्टेडियम की जर्जर हालत पर चिंता जताते हुए समुचित प्रबंध किए जाने की मांग की है।