कालांवाली। गांव देसू मलकाना में सोमवार को खेत में फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करते समय दवाई के प्रभाव से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक गांव देसू मलकाना का रहने वाला 45 वर्षीय जसविंदर सिंह था।
जानकारी के अनुसार जसविंदर सिंह किसानों के खेतों में दिहाड़ी पर कीटनाशक का छिड़काव करने का काम करता था। सोमवार को वह एक किसान के खेत में फसल पर दवाई का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान अचानक कीटनाशक के प्रभाव से उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह खेत में बेसुध होकर गिर पड़ा।
आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने उसे बेसुध अवस्था में देखा तो तुरंत संभाला और उपचार के लिए कालांवाली के निजी अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिरसा रेफर कर दिया। सिरसा पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद जसविंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। बताया गया है कि मृतक के तीन बच्चे हैं। इनमें एक बेटा विवाहित है, जबकि एक बेटा और बेटी अविवाहित हैं।