नियुक्ति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा, प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी और सांसद कुमारी सैलजा का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी,
सिरसा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री कृष्णा फौगाट को एक बार फिर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा, प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा का आभार व्यक्त किया।
कृष्णा फौगाट ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताते हुए जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी। जिला महिला कांग्रेस के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी संगठन से जोड़ने तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कृष्णा फौगाट इससे पहले प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। वे जिले में महिला सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। इन अभियानों के माध्यम से उन्होंने महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं, दोबारा जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कृष्णा फौगाट को बधाई दी और उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।