सिरसा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं-12वीं की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षकों की बैठक ली और नकल रहित परीक्षा के निर्देश दिए। इस दौरान सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को किट (स्टेशनरी, आवश्यक कागजात और अन्य सामान) वितरित की गईं। जिला भर में 83 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। शुक्रवार को डबवाली रोड स्थित आरएसडी स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार बिश्नोई, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी आत्म प्रकाश मेहरा, भिवानी बोर्ड से प्रतिनिधि साहबराम, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार, अमित मनहर, तपन शर्मा सहित अन्य शिक्षाधिकारियों ने जिले के सभी 83 परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को स्टेशनरी के थैले वितरित किए। इसके अलावा उन्हें परीक्षा से संबंधित जरूरी दिशा निर्देश भी दिए गए।
जिला भर में 83 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
हरियाणा बोर्ड की 27 फरवरी को दसवीं कक्षा की पंजाबी विषय की परीक्षा होगी। जबकि बारहवीं कक्षा की इसी दिन कम्प्यूटर साइंस विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा को लेकर कुल 83 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 46 सेकेंडरी व 37 सीनियर सेकेंडरी व सेकेंडरी कक्षाओं के परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा का समय दोपहर बाद 12: 30 से 3: 30 बजे का रहेगा। दसवीं व बारहवीं कक्षा की परीक्षा 27 फरवरी से शुरू होगी। जबकि दसवीं की परीक्षा 25 मार्च व बारहवीं की परीक्षा 28 मार्च को समाप्त होगी।
उपमंडल अनुसार परीक्षा केंद्र
उपमंडल परीक्षा केंद्र
ऐलनाबाद 18
कालांवाली 11
डबवाली 14
सिरसा 40
सख्ती : इस बार क्यू-आर कोड स्कैन से फर्जी परीक्षार्थी आएंगे पकड़ में
परीक्षा में बढ़ते नकल के मामलों पर रोक लगाने के लिए इस बार बोर्ड द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रवेश-पत्र पर क्यू-आर कोड लगाया गया है। उड़नदस्ते क्यू-आर कोड को स्कैन करके परीक्षार्थी की फोटो व विवरणों की जांच कर सकेंगे और अगर कोई दूसरे की जगह परीक्षा देता पाया जाता है तो तुरंत पकड़ में आएगा। इसके अतिरिक्त इस बार शिक्षा बोर्ड द्वारा अत्याधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए प्रत्येक प्रश्न पत्र पर एक विशेष क्यूआर कोड लगाया गया है। प्रश्न पत्र पर ऊपर से नीचे की ओर लंबरूप (वर्टिकल) में एक यूनिक नंबर कोड भी अंकित होगा। इससे यदि कोई परीक्षार्थी, पर्यवेक्षक, कर्मचारी व अन्य कोई फोटो खिंचेगा तो तुरंत पता लग जाएगा कि प्रश्न पत्र कहां से आउट हुआ है एवं किस परीक्षार्थी का है।
प्रवेश पत्र पर लगी फोटो का सत्यापन कराना जरूरी
इस बार विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में आधा घंटा पहले प्रवेश मिलना शुरू होगा। परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बोर्ड की ओर से एडमिट कार्ड के बाद अब परीक्षा को लेकर गाइडलाइन भी जारी कर दी गई है। जिसके अनुसार, परीक्षार्थी का परीक्षा केंद्र पर भी स्कूल की वर्दी पहनकर आना अनिवार्य किया गया है। साथ ही कहा गया है कि विद्यार्थी अपने एडमिट कार्ड ध्यानपूर्वक पढ़कर यह जांच लें कि उसमें कोई गलती तो नहीं है। प्रिंसिपलों को हिदायत है कि विद्यार्थी के पास सही जानकारी के आधार पर ही एडमिट कार्ड पहुंचना चाहिए, जिससे परीक्षा तिथि पर विद्यार्थियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। अगर विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड में कोई गलती है तो प्रिंसिपलों को परीक्षा होने से पहले उस गलती को बोर्ड से संपर्क करके ठीक करवाना होगा। अगर कोई प्रिंसिपल ऐसा नहीं करता है तो उसके खिलाफ बोर्ड के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा की तैयारियां पूरी हैं : जिला शिक्षा अधिकारी
नकल रहित परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दे दिए गए हैं और सामान भी वितरित कर दिया गया है। इस बार सख्ती के साथ परीक्षा होगी और नकल करने और कराने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-संत कुमार बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा।