संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष व मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन आदित्य देवीलाल चौटाला ने शनिवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य जिले में किन्नू हब का विस्तार करना है। हरियाणा की इकलौती किन्नू मंडी डबवाली में होगी। अबूबशहर में किन्नू मंडी बनाई जाएगी। इसके साथ ही कस्टम हायर सेंटर के माध्यम से किन्नू को विदेश भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने डबवाली के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि दी है। शहर की 10 अवैध आवासीय कॉलोनियों को वैध घोषित किया है। अब इन कॉलोनियों में मूलभूत सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर के आस पास डबवाली में एसपी की तैनाती हो जाएगी। जिससे नशा, आपराधिक व चोरियों की घटनाओं पर विराम लगेगा।
उन्होंने कहा कि डबवाली शहर में एक भव्य टाउन पार्क को स्वीकृति दी गई है, जिस पर दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहर के सबसे पुराने राजकीय स्कूल को 20 करोड़ की लागत से मॉडल स्कूल बनाया जाएगा। संस्कृति मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को अत्याधुनिक बनाया जाएगा। आदित्य देवी लाल ने कहा कि नई मंडी और पुरानी मंडी को जोड़ने के लिए कॉलोनी रोड रेलवे फाटक पर स्कूटर ब्रिज का निर्माण करवाया जाएगा, ताकि जाम की समस्या का समाधान हो।
विधायक फेसबुकिया विधायक हैं
हलका विधायक अमित सिहाग पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा में दो सवाल पूछने से लोगों का भला होने वाला नहीं है। वह फेसबुकिया विधायक हैं, एफबी पर फोटो डालने से भी कुछ नहीं होगा। धरातल पर लोगों के बीच रहकर कार्य करना होगा ताकि विकास हो। इस मौके भाजपा के मंडल अध्यक्ष गौरव मोंगा, हंसराज लखौत्रा, निशा ग्रोवर, किशन लाल मेहता, राजू सहित कई अन्य शहरी व ग्रामीण भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।