गांव रोड़ी में नशे की ओवरडोज के कारण पंजाब के मानसा निवासी दो युवकों की हुई मौत मामले में पुलिस ने हत्यारोपी सुरेन्द्र उर्फ राजू गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं दोनों युवकों के शवों का सरदूलगढ़ में चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कर विसरा जांच के लिए भेज दिया है। दोनों मृतकों का मंगलवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान मृतकों के परिजन बिलख-बिलखकर एक ही बात कह रहे थे कि उनके बेटों को नशे की ऑवरडोज देकर मार डाला।
जानकारी के अनुसार मृतक अमृतपाल के पिता पंजाब के मानसा में पुलिस कंट्रोल रूम में एसआई के पद पर तैनात है। उनको एक लड़का और लड़की सहित दो बच्चे हैं। मृतक अमृतपाल (18) अपनी बहन से छोटा था। जबकि कोटड़ा निवासी हरप्रीत (19) अपने एक भाई से छोटा था। अमृतपाल और हरप्रीत दोनों ने भठिंडा में आईलेट्स की पढ़ाई की थी, इसी दौरान दोनों की दोस्ती हो गई। दोनों की इच्छा थी कि वे विदेश में सेटल हों। अमृतपाल कनाडा और हरप्रीत न्यूजीलैंड जाने का इच्छुक था। इसके लिए दोनों ने अपनी फाइलें लगा रखी थी। बताया जा रहा है कि हरप्रीत का रोड़ी निवासी सुरेन्द्र उर्फ राजू के पास आना-जाना था। सुरेन्द्र ने 12वीं करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी और नशे में पड़ गया। उसकी इस लत की वजह से उसके घरवाले भी उससे काफी परेशान थे। थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी सुरेन्द्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस पता लगाने जुटी है कि सुरेन्द्र के अलावा और कौन लोग वहां मौजूद थे। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।