सिरसा। सड़क हादसों को न्योता देने वाली जुगाड़ रेहड़ी, मोटरसाइकिल से जुड़ी रेहड़ी और फिटर रेहड़ों को पुलिस इंपाउंड करेगी। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने इस संबंध में जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इनमें कहा गया है कि जुगाड़ वाहन सड़कों पर नजर नहीं आने चाहिए। ऐसे सभी वाहनों को तुरंत इंपाउंड किया जाए और चालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि मोटरसाइकिल के पीछे रेहड़ी जोड़कर या फिटर रेहड़े चलाना न्यायालय के आदेशों और मोटर व्हीकल एक्ट का खुला उल्लंघन है। इन वाहनों के किनारों पर लगी लोहे की रॉड या पाइप दूसरे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। आए दिन ऐसे जुगाड़ वाहनों की वजह से हादसे हो रहे हैं। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे जुगाड़ वाहन तैयार करने वाले मिस्त्रियों का पता लगाने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।
वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाएं
पुलिस अधीक्षक ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाएं ताकि रात के समय या कम रोशनी में दुर्घटना की आशंका कम हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर खुद की और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।