प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सिरसा में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में रैली को संबोधित करेंगे। इस इलाके में कड़े मुकाबले और इनेलो के गढ़ को देखते हुए यह रैली बेहद अहम मानी जा रही है। इस वजह से भाजपा के बड़े नेताओं ने सिरसा में दो दिन से डेरा डाला हुआ है और गुपचुप तरीके से रणनीति बनाई जा रही है।
भाजपा के अखिल भारतीय व्यवस्था प्रमुख राकेश जैन, प्रदेश चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और बीकानेर के सांसद अर्जुन मेघवाल जैसे नेता सिरसा में डटे हुए हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रो. गणेशीलाल भी रैली की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सिरसा संसदीय क्षेत्र से जुटेंगे लोग
पूरे सिरसा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार मोदी के साथ मंच पर दिखाई देंगे। इसके अलावा पूरे संसदीय क्षेत्र से लोगों के रैली में आने की उम्मीद है।
पहले ही बना चुके हैं माहौल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रानियां और ऐलनाबाद में जनसभा कर मोदी के पक्ष में पहले से ही माहौल बनाकर जा चुके हैं वहीं नवजोत सिंह सिद्धू डबवाली और कालांवाली में आकर लोगों को मोदी के रंग में रंग चुके हैं और शुक्रवार को सुषमा स्वराज फतेहाबाद में आकर रैली कर चुकी हैं।
भाजपा की जीत तय : गणेशीलाल
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष गणेशीलील ने बताया कि भाजपा के बड़े नेताओं ने दो दिन से सिरसा में डेरा डाला हुआ है। जैन, कैलाश विजयवर्गीय और अर्जुन मेघवाल सिरसा में ही हैं। मोदी के आने के बाद भाजपा की सिरसा से जीत तय है।