संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी । डेरा बाबा गोंसपुरी महाराज में 12, 13 और 14 मार्च को तीन दिवसीय सालाना जोड़ मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर डेरा परिसर में धार्मिक और खेल गतिविधियों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डेरा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि मेले की शुरुआत धार्मिक कार्यक्रमों के साथ हो रही है। इसके तहत 10 मार्च को सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का पाठ प्रकाश किया गया था। इसका भोग 12 मार्च को सुबह 9 बजे डाला जाएगा। इसके बाद उसी दिन अन्य श्री अखंड पाठ साहिब के पाठ प्रकाश किए जाएंगे जिनके भोग 14 मार्च शनिवार को सुबह 9 बजे डाले जाएंगे। सालाना जोड़ मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु डेरा परिसर में पहुंचकर मत्था टेकते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। धार्मिक आयोजन के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं का भी विशेष आकर्षण रहता है।
13 - 14 को होगा कबड्डी खेल महाकुंभ
13 और 14 मार्च को कबड्डी खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। 13 मार्च को 38 किलो और 65 किलो भार वर्ग के मुकाबले होंगे। 38 किलो वर्ग में प्रथम पुरस्कार 4100 रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 3100 रुपये रखा गया है। वहींए 65 किलो वर्ग में प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। 14 मार्च को 72 किलो भार वर्ग और कबड्डी ओपन के मुकाबले आयोजित होंगे। 72 किलो वर्ग में प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार में 15 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावाए कबड्डी ओपन में प्रथम पुरस्कार 71 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रुपये रखा गया है। डेरा प्रबंधक कमेटी ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों और कबड्डी प्रतियोगिताओं का आनंद लेने की अपील की है।