गैस एजेंसियों के गोदाम का निरीक्षण करते नियंत्रक हरवीर।
जिला खाद्य नियंत्रक ने किया गैस एजेंसियों का निरीक्षण, ओटीपी से ही होगी डिलीवरी
फोटो 28
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जांच के लिए रविवार को जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर ने तीन गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। इस दौरान एजेंसियों पर स्थिति सामान्य पाई गई और कहीं भी भीड़ नजर नहीं आई।
निरीक्षण के दौरान हरियाणा गैस सर्विस, कसोली गैस सर्विस और भूपेंद्र गैस सर्विस का स्टॉक रिकॉर्ड भी जांचा गया। अधिकारियों के अनुसार, तीनों गैस एजेंसियों पर रिकॉर्ड के अनुसार गैस सिलिंडरों का स्टॉक पूर्ण पाया गया। एजेंसी संचालकों और प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके पास घरेलू गैस सिलिंडरों की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की डिलीवरी ओटीपी आधारित प्रक्रिया के माध्यम से की जा रही है। आगे भी यही व्यवस्था जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान जिला नियंत्रक ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि डिलीवरी के समय उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि कोई उपभोक्ता गोदाम से सिलिंडर लेता है तो उससे गोदाम का निर्धारित शुल्क ही लिया जाए और यदि घर पर डिलीवरी दी जाती है तो उसी अनुसार तय शुल्क लिया जाए। उपभोक्ता से तय कीमत से अधिक पैसे लेने की शिकायत मिलने पर संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।