पिछले करीब साढ़े तीन दशकों से डबवाली में तैयार होने वाली जीप का दीवाना बॉलीवुड, पॉलीवुड है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की एक योजना से मार्केट का अस्तित्व खतरे में है। घबराए दुकानदारों ने सरकार से ऑटो मार्केट की मांग की है।
दुकानदार गुलाब सिंह, आरके नीना, सुनील जिंदल, अर्जुन सिंह, सर्वजीत सिंह, सरबा ने बताया कि डबवाली को छोड़कर अन्य सभी जगहों पर ऑटो मार्केट बनी हुई हैं। पूर्व में जो भी सरकार रही है, सभी से ऑटो मार्केट की मांग कर चुके हैं। लेकिन यह मांग आज तक सिरे नहीं चढ़ी। अब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) जीटी रोड पर वर्षों से बसी जीप मार्केट को खाली प्लाट दिखाकर कब्जाना चाहता है।
अगर ऐसा हुआ तो वे कहीं के नहीं रहेंगे। दुकानदारों ने कहा कि शहर डबवाली के अतिरिक्त आस-पास के हजारों युवाओं का रोजगार जीप बाजार पर टिका हुआ है। डबवाली में बनने वाले चौड़े टायरों वाली विल्ली जीप ने सबको अपना दीवाना बनाया हुआ है। पॉलीवुड में डबवाली में बनी जीप का प्रयोग हो रहा है। यहीं नहीं बॉलीवुड स्टार संजय दत्त, धारावाहिक शक्तिमान में गंगाधर का किरदार निभाने वाले मुकेश खन्ना भी जीप के मुरीद हैं। देश भर में जीप भेजी जाती हैं। इसके अतिरिक्त कनाडा जैसे मुल्क में भी खरीदार हैं। लेकिन अब डबवाली के जीप बाजार का अस्तित्व खतरे में है।
ऑटो मार्केट की मांग को लेकर दुकानदार शनिवार को रामलीला मैदान में भाजपा नेता देवकुमार शर्मा से मिले। शर्मा ने दो टूक लफ्जों में कहा कि करीब 60 साल तक राज करने वाली सरकारों ने डबवाली की यह पुरानी मांग पूरी नहीं की है। दुकानदारों के साथ मिलकर मैं प्रयास करूंगा। अगर मांग पूरी हो जाए तो शाबासी न देना। अगर पूरी न हो तो गालियां भी न देना। दुकानदारों ने भाजपा नेता को प्रयास करने के लिए कहा।
डबवाली का जीप बाजार काफी बड़ा है। अन्य वर्कशॉप भी हैं। ऑटो मार्केट की सख्त जरूरत है। दुकानदारों के शिष्टमंडल के साथ सीएम मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करूंगा। ताकि डबवाली को ऑटो मार्केट की सौगात मिल सकें।
-देवकुमार शर्मा, भाजपा नेता, डबवाली