जमीन विवाद में हुई थी जसवंत की हत्या, हरियाणा व पंजाब में आरोपियों की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। गांव खोखर में हुए जसवंत सिंह हत्याकांड में बुधवार को भी मृतक की पत्नी जश्नप्रीत कौर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अड़ी रही। सुबह डीएसपी ललित कुमार व थाना प्रभारी देवी लाल जसवंत के घर पहुंचे और जश्नप्रीत को आश्वासन दिया कि पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
डीएसपी के आश्वासन के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। दोपहर बाद नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। इससे पहले परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कालांवाली थाना का घेराव करने की चेतावनी दी थी।
15 सितंबर की अलसुबह गांव खोखर के करीब 32 वर्षीय जसवंत सिंह की जमीन विवाद के चलते परिवार की ही लोगों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। जसवंत सिंह घर पर सोया हुआ था।
तड़के उसके जीजा गुरजंट सिंह निवासी गांव कमालू, जिला श्री मुक्तसर साहिब पंजाब ने कमरे में सोए हुए जसवंत सिंह कई गोलियां चला दीं। थी,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा, जश्नप्रीत कौर व उसके 4 वर्षीय बेटे अरमान पर तेजधार हथियार तानकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
मृतक की पत्नी जश्नप्रीत कौर के बयान पर कालांवाली पुलिस ने मृतक के पिता जलविंद्र सिंह, मां बिंदर कौर, बहन गुरजिंद्र कौर, जीजा गुरजंट सिंह के अलावा तीन-चार अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की हैं जो हरियाणा व पंजाब में उनकी तलाश कर रही है।
कोट्स
परिजनों को समझाकर शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। आरोपियों की तलाश के लिए संयुक्त टीम गठित की हुई है। टीमें विभिन्न जगहों पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
-ललित कुमार, डीएसपी कालांवाली।