अनलॉक -1 में प्रशासन ने लोगों को राहत दी है, लेकिन लोग मास्क पहनने से ही कतराने लगे हैं। ऐसे में वीरवार को लघु सचिवालय में एसडीएम जयबीर यादव ने मास्क न पहनकर काम करने वाले पांच सरकारी कर्मचारियों के चालान काट दिए, साथ ही पांच आम लोगों के भी चालान काटे। एसडीएम ने अपने कार्यालय के ही कर्मचारी का भी चालान काटा, कुल दस चालान काटे गए। हालांकि सरकारी कर्मचारियों और अन्य लोगों ने एसडीएम के समक्ष मिन्नतें की। लेकिन एसडीएम ने किसी की एक नहीं सुनी और बोले कि नियम सभी के लिए बराबर है। चाहे आम जन हो या फिर सरकारी कर्मचारी। एसडीएम ने करीब दो घंटे तक चालान की कार्रवाई की।
बता दें कि एसडीएम जयबीर यादव सुबह लघु सचिवालय में एसडीएम कार्यालय में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि लघु सचिवालय में काम करने वाले सरकारी कर्मचारी और आमजन बिना मास्क लगाए ही घूम रहे हैं। एसडीएम ने 11 बजे नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह, पवन कंबोज, धर्मेंद्र कुमार को फोन करके लघु सचिवालय में बुलाया। एसडीएम जयबीर यादव सबसे पहले अपने कार्यालय का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। एसडीएम अपने कार्यालय के सामने बने कमरे में पहुंचे। एसडीएम ने कमरे में बैठे काननूगो से पूछा कि आपने मास्क क्यों नहीं पहना और आप बिना मास्क पहने ही कमरे में काम कर रहे हैं। कानूनगों ने तुरंत ही मास्क पहनना शुरू कर दिया। लेकिन एसडीएम ने सेनेटरी इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह और पवन कंबोज को काननूगो का 500 रुपये का चालान काटने के निर्देश दिए। हालांकि चालान न काटने के लिए काननूगो ने काफी अनुरोध किया। लेकिन एसडीएम जयबीर यादव नहीं माने और उसका चालान कटवा दिया।
सरकारी अध्यापक, डीईओ और ई दिशा केंद्र के कर्मचारी का भी कटा चालान
इसके बाद एसडीएम ग्राउंड फ्लोर पर दूसरे कमरों का निरीक्षण करने लग गए। एसडीएम जयबीर यादव जब नप कर्मचारियों के साथ तहसील कार्यालय के सामने कंट्रोल रूम में पहुंचे तो वहां पर देखा कि एक कर्मचारी बिना मास्क पहनने काम कर रहा था। एसडीएम ने उस कर्मचारी का भी 500 रुपये का चालान काटा साथ ही डीईओ कार्यालय के एक कर्मचारी का भी 500 रुपये का चालान काटा गया। इसके बाद एसडीएम ने ई दिशा केंद्र का निरीक्षण करना शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने सामाजिक दूरी बनाई तो हुई थी लेकिन एक कर्मचारी ने मास्क नहीं पहनना हुआ था। एसडीएम ने उस कर्मचारी के मास्क न पहनने का कारण पूछा तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया। सर अभी पहन लेता हूं कि बात कहकर वह तुरंत ही मास्क पहनने लगा तो एसडीएम ने नप कर्मचारियों को चालान काटने के आदेश दे दिए, उसका भी 500 रुपये का चालान काट दिया गया। इसके बाद एसडीएम लघु सचिवालय के एंट्री गेट पर खड़े हो गए और कालांवाली के एक स्कूल टीचर को मास्क न पहनने पर रोककर उसका चालान भी काट दिया। एसडीएम ने वहीं पर ही बिना मास्क पहनने घूमते ही करीब पांच आम जन के भी चालान काटे। एसडीएम की इस कार्रवाई के बाद लघु सचिवालय में सभी सरकारी कर्मचारियों ने मास्क पहनकर काम शुरू कर दिया। साथ ही आमजन भी मास्क पहनकर दाखिल होने लगे।
चाय वाले को भी लगाई फटकार
एसडीएम जयबीर यादव ने ई दिशा केंद्र में चाय की कैंटीन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सामाजिक दूरी न मिलने पर चाय की कैंटीन चलाने वाले को एसडीएम ने फटकार लगाई। एसडीएम ने कहा कि यदि दोबारा सामाजिक दूरी नहीं मिली तो कैंटीन बंद करवा दी जाएगी।
नियम सभी के लिए बराबर है, चाहे सरकारी कर्मचारी हो या आम जन। सभी सरकारी कर्मचारी मास्क पहनकर ही काम करेंगे। चालान की कार्रवाई प्रतिदिन की जाएगी। इसलिए आम जन भी मास्क पहनकर ही आए।
- जयबीर यादव, एसडीएम सिरसा।