एडीसी अर्पित संगल ने सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्गों की स्ट्रीट लाइटें चालू रखने और जरूरत के अनुसार फुटपाथ व स्पीड ब्रेकर बनाने पर जोर
ओटू वियर के पास सुरक्षा प्रबंध तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश
फोटो 14
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। अवैध कट बंद करने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एडीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम करने को कहा। उन्होंने सड़कों पर बने अवैध कट तुरंत प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा।
पिछले दो सप्ताह से ओटू वियर के पास हुए हादसों को गंभीरता से लिया गया। अर्पित संगल ने ओटू वियर के पास तत्काल सुरक्षा प्रबंधन दुरुस्त करने के आदेश दिए। इससे वाहन चालकों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
शहरी क्षेत्रों में पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए फुटपाथ बनाने पर जोर दिया गया। जरूरत के अनुसार नियमानुसार स्पीड ब्रेकर बनाने और निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एसडीएम डबवाली योगेश दिलहोर और एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। डीएफओ सतीश कुमार, डीईओ सुभाष फुटेला, टीएम रोडवेज सुधीर कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटें रात के समय सुचारु रूप से जलनी चाहिए। कोई भी लाइट बंद नहीं रहनी चाहिए। ओटू वियर के पास सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। यातायात सुरक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक प्रबंध तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया।
सड़कों का सर्वे और समाधान
एडीसी ने प्रत्येक संबंधित विभाग को अपने अधीन आने वाली सड़कों का सर्वे करने के निर्देश दिए। सर्वे के दौरान यदि किसी अन्य विभाग से संबंधित समस्या सामने आती है। उसकी जानकारी संबंधित विभाग को देकर समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन सड़कों के साथ नहरी विभाग के पुलों की चौड़ाई कम है। वहां वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए उचित यातायात संकेतक लगाए जाएं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सकेगी।
दुर्घटना आंकड़ों का प्रबंधन
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों को व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने पर जोर दिया गया। एडीसी ने जिले में होने वाली सभी सड़क दुर्घटनाओं का डाटा संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचने वाले पुलिस के 112 वाहन की रिपोर्ट भी पोर्टल पर अपडेट की जाए। दुर्घटनाओं के अन्य कारणों का विवरण भी दर्ज किया जाए। इससे आंकड़ों का विश्लेषण कर रोकथाम के प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे।