संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजकीय नेशनल कॉलेज में इंटर स्टेट कॉलेजिएट हैंडबाल चैंपियनशिप का आयोजन 17 से 20 अक्तूबर तक राजकीय नेशनल कॉलेज में होगा। इसमें प्रदेश भर से खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें महिला एवं पुरुष वर्ग की 60 टीमें भाग लेंगी। इसके लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से 12 कमेटियों का भी गठन किया गया है।
प्रदेश स्तरीय विद्यार्थियों को भाग लेने के लिए 12 अक्तूबर तक जिला की स्पोर्ट्स वेबसाइट पर आवेदन करना अनिवार्य है। राजकीय नेशनल कॉलेज की ओर से प्रदेशभर के विश्वविद्यालय व कॉलेजों को निमंत्रण भेज दिया गया है। इसमें कॉलेज की अधिकारिक वेबसाइट भी दी गई है, ताकि विद्यार्थी इस वेबसाइट पर जाकर अपनी एंट्री कर सकें। टीमों की एंट्री के बाद ही राजकीय नेशनल कॉलेज की ओर से गेम लिस्ट में विद्यार्थियों व उनकी टीम का नाम दर्ज किया जाएगा।
पुरुष व महिला प्रतियोगिता होंगी अलग-अलग प्रतियोगिताएं
प्रतियोगिता में 45 टीमें पुरुष खिलाड़ियों की होगी, जबकि 15 टीमें महिला खिलाड़ियों की होंगी। 17 व 18 अक्तूबर को पुरुष खिलाड़ियों की प्रतियोगिता होगी और19 व 20 अक्तूबर को महिला खिलाड़ियों की प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपने - अपने कॉलेजों की टीम के साथ भाग लेंगे।
कॉलेज प्रबंधन ही करेगा सभी प्रबंध
राजकीय नेशनल कॉलेज प्रबंधन की ओर से ही विद्यार्थियों के रहने का प्रबंध किया जाएगा। इसके विद्यार्थियों के खाने-पीने व डाइट का प्रबंध किया जाएगा। इसका किसी भी प्रकार खर्चा विद्यार्थियों को नहीं देना होगा। इसके लिए कॉलेज ने शहर की चार धर्मशालाओं को बुक कर लिया है। गेम्स के लिए कॉलेज ने कमेटी का गठन किया है, जो प्रतियोगिता की सभी प्रकार की तैयारियां देखेंगी।
राजकीय नेशनल कॉलेज में इंटर स्टेट कॉलेजिएट टूर्नामेंट चैंपियनशिप का आयोजन करवाया जा रहा है। इसमें प्रदेश भर के विश्वविद्यालय व कॉलेज से टीमें भाग लेंगी। टीमों को 12 अक्तूबर तक कॉलेज की वेबसाइट पर एंट्री करना अनिवार्य है। - डॉ. बलदेव सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर शारीरिक शिक्षा विभाग, राजकीय नेशनल कॉलेज, सिरसा।