आरोपियों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर चोरी हुईं 10 बाइकें बरामद
फोटो - 8
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के एबीवीटी स्टाफ ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपियों से 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि मनदीप कुमार निवासी गोशाला मोहल्ला खाजा खेड़ा रोड सिरसा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 सितंबर 2025 की शाम 6:00 बजे मोटरसाइकिल संजीवनी हॉस्पिटल के सामने खड़ी कर अस्पताल के अंदर चला गया था। कुछ देर बाद आकर देखा तो मोटरसाइकिल कोई चोरी हो गई थी। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन सिरसा में बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसकी जांच एबीवीटी स्टाफ सिरसा व सिविल लाइन थाना पुलिस को सौंपी गई थी ।
जांच के दौरान एबीवीटी स्टाफ सिरसा टीम ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी जोगिंदर उर्फ बब्बू निवासी साबूआना जिला हनुमानगढ़, आमिर खान गांव गुड़िया, जिला हनुमानगढ़ व गोविंद उर्फ गोल्डी निवासी गांव चौटाला जिला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ करने पर थाना सदर सिरसा, सिविल लाइन रानियां व राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र से बाइक चोरी की अनेक वारदात करनी कबूल की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुईं 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को सिरसा अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य वारदात का खुलासा हो सकता है।
वाहन चोरी की तीन वारदात सुलझाईं, वाहन बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। थाना शहर डबवाली पुलिस ने वाहन चोरी की तीन वारदात को सुलझाते हुए दो वांछित आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी चमकौर सिंह व गुरविंदर सिंह गांव लहरा सोघा (पंजाब) के रहने वाले हैं।
प्रबंधक थाना शहर निरीक्षक देवीलाल ने बताया कि 13 मार्च को सन्नी कुमार निवासी मीना बाजार, मंडी डबवाली ने बताया कि 11 मार्च की शाम उसने अपनी स्कूटी मीना बाजार में अपने घर के सामने खड़ी की थी। कुछ समय बाद बाहर आकर देखा तो स्कूटी वहां नहीं मिली। स्कूटी की डिकी में कुछ जरूरी कागजात व नकदी भी थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ थाना शहर डबवाली में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वहीं, अन्य मामले में 19 फरवरी गुरसेवक सिंह निवासी बड़िंग खेड़ा, पंजाब ने शिकायत दी कि 18 फरवरी को दोपहर वह अपने बेटे को बस में चढ़ाने के लिए हरियाणा बस स्टैंड मंडी डबवाली आए थे। वह अपनी मोटरसाइकिल बस स्टैंड की पार्किंग में खड़ी कर अपने बेटे को बस में चढ़ाने चले गए। कुछ देर बाद वापस आए तो मोटरसाइकिल वहां नहीं थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वहीं, एक अन्य मामले में प्रबंधक थाना ने बताया कि 18 मार्च को शिकायतकर्ता हैप्पी निवासी वार्ड नंबर 7 मंडी डबवाली ने शिकायत में बताया कि 17 मार्च की शाम उसकी मोटरसाइकिल जिम के पास से चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी ।
प्रबंधक थाना ने बताया गया कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य व सीसीटीवी फुटेज की सहायता से उनकी टीम ने उक्त दो व्यक्तियों को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। उक्त दोनों आरोपियों की ओर से ही इन तीनों वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों से चोरी हुई स्कूटी व दोनों मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई हैं। दोनों आरोपियों को उक्त अभियोगों में शामिल तफ्तीश कर बंद जेल सिरसा करवाया गया ।