बाइक चोरी कर सस्ते में बेच देते थे, राजस्थान के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
फोटो 17
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की 9 बाइक बरामद की गई हैं। आरोपी सुखचैन व संदीप गांव फतेहपुर जिला हनुमानगढ़ राजस्थान के रहने वाले हैं।
डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि मेला ग्राउंड निवासी गुनी राम ने शहर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 जुलाई को नेहरू पार्क के पास से उसकी बाइक चोरी हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर इस मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ को सौंप दी। जांच के दौरान सोमवार को पुलिस ने आरोपी सुखचैन व कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों से चोरी की 9 बाइकें बरामद की गई हैं।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उक्त बाइक सिरसा शहर, रानियां, ऐलनाबाद व राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र से चुराई थीं। डीएसपी ने बताया कि आरोपी सुखचैन पांचवीं पास है जबकि संदीप ने कक्षा 8वीं तक पढ़ाई की है। दोनों बाइक चोरी करने के बाद उसे सस्ते में बेच देते थे। आरोपी संदीप ने वर्ष 2019 में पहली बार बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
दोनों आरोपियों ने बाइक चोरी की 10 वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। मंगलवार दोपहर दोनों आरोपियों को अदालत समक्ष पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।