ओटू हेड का निरीक्षण करते जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा।
रानियां। घग्गर नदी में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जाने वाले पुख्ता इंतजाम को लेकर शनिवार को उपायुक्त शांतनु शर्मा ने ओटू हेड का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला परिषद के सीईओ एचसीएस अधिकारी सुभाष चंद्र मौजूद रहे। उपायुक्त ने कहा कि बरसात से पहले बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए 30 जून तक कमजोर तटबंधों को मजबूत करने के साथ अन्य सभी पुख्ता इंतजाम किए जाने हैं।
जून में पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली भारी बरसात से घग्गर नदी उफान पर आ जाती है, जिससे सिरसा व फतेहाबाद के बड़े क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस दौरान सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप शर्मा ने जिला उपायुक्त को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए किए जाने वाले पुख्ता इंतजामों के बारे में जानकारी दी।
उपायुक्त ने हेड पर लगे गेट व डाउन स्ट्रीम में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला उपायुक्त को कुछ कमियां नजर आईं, जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उपायुक्त ने ओटू हेड के साथ हिसार डेन के नवनिर्माण का निरीक्षण भी किया। गौरतलब है कि हिसार ड्रेन का कार्य पिछले कई दिनों से विवादों के घेरे में है।
इसकी जांच करने के लिए जिला उपायुक्त व सीईओ सुभाष चंद्र ने मौका पर पहुंचकर चल रहे कार्य की जांच की। हिसार ड्रेन के निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने के कारण कई पाइपें टूट चुकी हैं और अभी तक उनकी मरम्मत भी नहीं की गई। किसान नेता लखविंदर सिंह औलख ने इस मुद्दे को गंभीरता से उजागर किया है। इसके बाद यह मामला भी जिला प्रशासन के पास जांच के लिए पहुंचा था।