ढ़ाणी वासियों से बातचीत करते थाना प्रभारी। (संवाद)
ओढां। गांव आनंदगढ़ क्षेत्र में स्थित ढाणियों के लोगों ने गांव ख्योवाली में स्थित 33 केवी सब स्टेशन में पहुंचकर रोष व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि उनकी ढाणियों में पिछले करीब तीन सप्ताह से शेड्यूल के हिसाब से पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिल रही। आनंदगढ़-पन्नीवाला मोटा रोड पर स्थित 15 ढाणियों में पिछले 22 दिनों से 16 घंटे की जगह मात्र 3-4 घंटे की विद्युत आपूर्ति दी जा रही है।
लोगों ने सब स्टेशन में मौजूद कर्मचारी को जब तालाबंदी करने की बात कही तो कर्मचारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद ओढ़ां थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत करते हुए उनसे एसडीओ के नाम लिखा गया मांग पत्र लिया। लोगों ने कहा कि उनके दैनिक कार्य बाधित हो रहे हैं तो वहीं बच्चों की पढ़ाई भी खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के चलते उनके तथा उनके परिवारों की रात की नींद छिन गई है। वहीं ढाणी वासियों ने लाइनमैन का तबादला करने की भी मांग की। ओढां थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मप्रकाश ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी मांग है वो उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी जाएगी। ढाणी वासियों ने कहा कि अगर उनकी समस्या का शीघ्र ही समाधान नहीं हुआ तो बिजली घर में धरना लगा देंगे।