सिरसा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवक ने नाबालिग से दुष्कर्म किया। महिला थाना पुलिस ने पीड़ित नाबालिग का बयान दर्ज कर आरोपी युवक के खिलाफ अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया है कि वर्ष 2017 में वह नाबालिग थी। उसकी शहर के रहने वाले राहुल नामक युवक से मित्रता हो गई।
एक दिन राहुल उसके घर आया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि राहुल ने उसे कहा कि बालिग होने पर वह उसके साथ शादी कर लेगा। इसके बाद वह बार-बार उसके घर आकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि बाद में राहुल ने उसके साथ शादी करने से इन्कार कर दिया और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
नाबालिग दलित समुदाय से है और आरोपी युवक सामान्य जाति से संबंध रखता है। महिला थाना प्रभारी दर्शना देवी का कहना है कि पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ अभियोग दर्ज आईपीसी की विभिन्न आपराधिक धाराओं, पोस्को व एससी/एसटी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।