इनेलो नेता बोले, महंगाई से टूटी आमजन की कमर, नियंत्रण करे सरकार
फोटो - 21 से 24
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल की जिला इकाई ने मंगलवार को देश-प्रदेश में बढ़ी महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने की। वहीं, प्रदर्शन का नेतृत्व डबवाली से विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला और रानियां से विधायक अर्जुन चौटाला ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार के नाम पर उपायुक्त शांतनु शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
इनेलो नेता व कार्यकर्ता पहले लोक निर्माण विश्रामगृह में इकट्ठे हुए। वहां पर इनेलो नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके उपरांत सभी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। महिला विंग ने मटके फोड़कर विरोध जताया। इस दौरान तबीयत खराब होने के कारण विधायक का सिक्योरिटी गार्ड बेहोश हो गया। उसे कार्यकर्ताओं ने उठाकर प्राथमिक उपचार दिलाया।
रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला ने रोहतक के बाद अधिकारियों के विरोध को लेकर कहा कि जहां पर प्रशासन बदतमीजी करता है, वहां पर जवाब देना पड़ता है। वह भी जनता के सेवक हैं और हम भी जनता के सेवक हैं। अधिकारी कार्यालय में बैठा है तो उसका खर्च जनता दे रही है। वह जनता के प्रति जवाबदेह है और जनता के लिए काम करना उसकी जिम्मेदारी है।
अर्जुन चौटाला ने कहा कि एसोसिएशन जितनी चाहे मेरी निंदा कर ले। मैं उनसे सवाल पूछना चाहूंगा कि जब वाई पूर्ण सिंह ने आत्महत्या की थी तब एसोसिएशन कहां थी। जब कैबिनेट मंत्री अनिल विज को आईपीएस जवाब दे रहा था तब वे कहां थे। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन में भी कुछ लोग ऐसे होते हैं कि राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम करते हैं। अगर आप राजनीति में पड़ेंगे तो नुकसान आपका ही होगा।
इस दौरान रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि पेट्रो पदार्थों की वृद्धि से सभी वर्गों का मासिक बजट बिगड़ गया है। आमजन की आय सीमित है जबकि खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे गरीब एवं मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। कोरोना संक्रमण के बाद से उद्योग व व्यापार का धंधा पहले से ही पूरी तरह से पटरी से उतरा हुआ है। इसके चलते युवा पहले से ही भारी बेरोजगारी की मार झेल रहा था। वहीं किसान, मजदूर फसलों के सही भाव न मिलने के कारण घाटे का जीवन जीने को मजबूर हैं।
विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि पिछले 15 दिनों में देश में निरंतर पेट्रो पदार्थों, एलपीजी व तारकोल की कीमतों में वृद्धि हुई है। इससे आमजन का जीना दूभर हो गया है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा प्रभाव केवल वाहन चलाने तक सीमित नहीं रहता बल्कि इसका असर रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की कीमतों पर भी पड़ता है।
आदित्य ने कहा कि डीजल की कीमत बढ़ने से सबसे अधिक प्रभाव परिवहन व्यवस्था पर पड़ता है। ट्रक, बस, ट्रैक्टर व मालवाहक वाहन मुख्य रूप से डीजल पर चलते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पेट्रो पदार्थों में की गई वृद्धि के चलते ट्रांसपोर्टर्स ने भी अपने किराये में 10 फीसदी तक की वृद्धि की है। इससे फल, सब्जियां, दूध, दही, घी, डेयरी उत्पाद एवं अनाज महंगे हुए हैं।
इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि इनेलो सदैव गरीब, किसान, कमेरे की पक्षधर है। इनके हितों के लिए सदैव सड़क से सदन तक संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों का परिणाम है कि जनता में उसका विश्वास खत्म हो रहा है। उसके स्थान पर इनेलो को ही पुन: सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। मंच संचालन इनेलो के जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा ने किया।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में इनेलो सिरसा हलकाध्यक्ष गुरविंद्र सिंह गिल सरपंच, ऐलनाबाद हलकाध्यक्ष होशियार सिंह खोड, रानियां हलकाध्यक्ष हरमीत सिंह पंडोरीवाला, डबवाली हलकाध्यक्ष मंदर सिंह सरां, कालांवाली हलकाध्यक्ष जसविंद्र सिंह बिंदु, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गंगाराम ढाका, इनेलो महिला जिलाध्यक्ष सुभद्रा शीलू आदि मौजूद थे।