फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बढ़ी सुरक्षा लेकिन घटी निगरानी : जिले में चोरी, हमले और छीना-झपटी की घटनाओं में बढ़ोतरी

विज्ञापन
ऐलनाबाद स्कूल के बाथरूम से चोरों की ओर से चुराई गई टोंटियां - फोटो : Sirsa
विज्ञापन
सिरसा। जिले में इस समय 30 से ज्यादा सुरक्षा बलों की कंपनियां तैनात हैं। ऐसे में शहर की सुरक्षा बढ़ी है लेकिन प्रशासन और पुलिस की निगरानी कम हो गई है। जिले में चोरी, हमले, छीनाझपटी की घटनाओं में इजाफा हो गया है। पुलिस कुछ नहीं कर पा रही। पुलिस उपचुनाव में व्यस्त है और इस कारण अपराधियों के हौसले बुलंद है। रविवार और सोमवार को जिले के अलग-अलग स्थानों पर 10 से अधिक चोरी के घटनाओं के पुलिस ने मामले दर्ज किए है। जिनमें चेन स्नैचिंग, चोरी और हमला करने की वारदातों को अंजाम दिया गया है। सोमवार को भी एक युवक ने महिला के कानों से बालियां छीनी। जिसके बाद उक्त युवक मौके से फरार हो गया लेकिन पुलिस अभी उसका सुराग नहीं लगा पाई है।
विज्ञापन

स्कूटी में रखा बैग ले गए चोर
दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी की डिग्गी खोलकर चोर 65 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग चोरी कर ले गए। कुछ देर बाद स्कूटी का मालिक बाहर आया तो उसे घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस को दी शिकायत में सुरेश गुगलानी निवासी बेगू रोड ने बताया कि वह विष्णु क्लब का कोषाध्यक्ष है। उसने बताया कि सोमवार को वह सुबह वह एमसी मार्केट में स्थित अपनी दुकान पर स्कूटी लेकर आया। स्कूटी की डिग्गी में रामलीला से एकत्रित की गई 65 हजार रुपये की राशि व दो वाउचर एक बैग में रखे हुए थे। वह स्कूटी दुकान के बाहर खड़ी कर दुकान में चला गया। कुछ देर बाद वापस आया तो देखा कि स्कूटी की डिग्गी से नकदी भरा बैग गायब है। उसने पहले आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आइसक्रीम रेहड़ी संचालक के 3300 रुपये चोरी कर युवक फरार
शहर के भगत सिंह चौक के निकट आइसक्रीम की रेहड़ी के संचालक से एक शातिर युवक 3300 रुपये की नकदी चुराकर ले गया। कुछ देर बाद उसे घटना का पता चला, जिस पर उसने युवक की काफी तलाश की, लेकिन नहीं मिला। जिस पर उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस को दी शिकायत में मोचियांवाली गली निवासी रेहड़ी संचालक रमेश कुमार ने बताया कि वह भगत सिंह चौक के निकट आइसक्रीम की रेहड़ी लगाता है। शाम को एक युवक उसके पास आइसक्रीम लेने के लिए आया। जब वह आइसक्रीम देने लगा तो युवक ने शातिर तरीके से रेहड़ी से 3300 रुपये की नकदी चोरी कर ली। कुछ देर बाद उसने नकदी संभाली तो गायब मिली। उसने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की और युवक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन

नरमे की गठड़ी लेकर भाग रहे एक युवक को पकड़ा
क्षेत्र के गांव पन्नीवाला रूलदू में खेतों में रास्ते पर पड़ी नरमे की गठरी चोरी कर भाग रहे एक बाइक सवार युवक को लोगों ने काबू कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान बब्बी उर्फ हरजिंद्र सिंह निवासी तारूआना के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में गांव पन्नीवाला रूलदू निवासी हरदेव सिंह ने बताया कि बीते दिवस खेतों से नरमा की चुगाई कर गठड़ी खेतों में बने रास्ते पर रखी हुई थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक एक गठड़ी चोरी कर भाग रहे थे, जिन्हें उसने देख लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने युवकों का पीछा शुरू किया। युवकों ने गठड़ी सावंत खेड़ा गांव के पास फेंककर खुईयां मलकाना टोल प्लाजा की तरफ भाग गए। इसी दौरान एक युवक भागने में कामयाब हो गया, जबकि दूसरे को बाइक सहित लोगों ने काबू कर लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक को काबू कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अस्पताल कारिंदे को नौकरी से निकाला, कारिंदे ने युवकों के साथ मिलकर स्टाफ के साथ की मारपीट
निजी अस्पताल में नियुक्त एक कर्मचारी को उसके काम से नाखुश होकर नौकरी से निकाल दिया गया। एक माह बाद उक्त युवक अपने साथियों को लेकर अस्पताल में पहुंच गया। इस दौरान हमलावरों ने अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट की ओर घायल कर दिया। मामले की शिकायत पुलिस को दी तो उक्त हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना शहर के परशुराम चौक की सिंधु नर्सिंग होम वाली गली में स्थित शिवम अस्पताल की है। अस्पताल के डायरेक्टर रोहित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक माह पहले रानियां निवासी संदीप बैनीवाल को नौकरी से निकाला था। जिसके बाद वह रविवार देर रात को 10 से 12 युवकों को साथ लेकर अस्पताल में हथियार लेकर पहुंच गया और स्टाफ पर हमला बोल दिया। इस दौरान युवकों ने मुंह को कपड़े से ढके हुए ते। अस्पताल में पहुुंचते ही उन्होंने स्टाफ सदस्य चुन्नी राम को थप्पड़ मुक्के मारे और उसको घसीट कर अस्पताल से बहार ले गए और से पिटाई की। अस्पताल का दूसरा स्टाफ मौके पर पहुंचा तो उक्त हमलावर फरार हो गए। कुछ समय बाद फिर से कई युवकों ने अस्पताल में हमला बोल दिया। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद उक्त हमलावर मौके से फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नागरिक अस्पताल के आईसीटीसी सेंटर में कंप्यूटर का सामान चोरी
रविवार को नागरिक अस्पताल के आईसीटीसी सेंटर से कंप्यूटर के सामान की चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सेंटर के पवन कुमार ने बताया कि सेंटर से एलईडी, माउस, की बोर्ड, यूपीएस और अन्य सामान कमरे में नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने आसपास के कमरों में सामान की तलाश की लेकिन सामान नहीं मिल पाया। बता दे कि पहले भी अस्पताल से सामान चोरी होने की शिकायत पुलिस के पास पहुंच चुकी है।
ऐलनाबाद के विद्यालय से पाइप व टोंटियां और अन्य सामान चोरी
ऐलनाबाद के वार्ड नंबर नौ स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला से चोरों ने टोंटियां, वॉस बेसन, पाइपें और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार को मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस को दी शिकायत में स्कूल प्रिंसिपल बेगराज ने बताया कि बीते शुक्रवार को छुट्टी के दिन अज्ञात चोर स्कूल की दीवार फांदकर स्कूल में प्रवेश कर गए और लड़कों के बाथरूम में लगी टोंटियां, पाइप व अन्य सामान चोरी करके ले गए है। शनिवार को घटना की जानकारी मिली तो मामले की जांच की गई और सूचना बीईओ ऐलनाबाद को भी प्राप्त करवाई गई। बता दें कि विद्यालय में पिछले साल भी लॉकडाउन के दौरान मिड डे मील की चोरी हो गई थी। इसके अतिरिक्त दो माह पूर्व भी पानी की प्लास्टिक टंकी के साथ लगी टोंटियां, वाटर कूलर की सभी पाइप भी चोर ले गए थे। इसी तरह तोड़फोड़ की भी छोटी - मोटी घटनाएं भी स्कूल में हो चुकी हैं। ऐलनाबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपराध को रोकने के लिए लगातार पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाकर सुरक्षा बढ़ाई गई है। चैन स्नैचिंग मामलों पर रोक लगाने के लिए सीआईए टीम को भी लगा दिया गया है।
विज्ञापन

डॉ. अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक, सिरसा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें